Jaipur News: ज़हीर खान के साले और सागरिका घाटगे के भाई शिवजीत घाटगे की शादी आज, जुटे क्रिकेट और सिनेमा जगत के कई दिग्गज
पूर्व भारतीय क्रिकेटर जहीर खान के साले और सागरिका घाटगे के भाई शिवजीत घाटगे की शाही शादी आज जयपुर के चौमूं स्थित resort में हो रही है। आशीष नेहरा, अजीत अगरकर समेत कई दिग्गज पहुंचे।
जयपुर एक बार फिर सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग का गवाह बन रही है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान के साले और अभिनेत्री सागरिका घाटगे के छोटे भाई शिवजीत घाटगे आज यानी सोमवार, 16 नवंबर 2026 को पल्लवी के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। ये शाही विवाह समारोह जयपुर के सीकर रोड और चौमूं क्षेत्र स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शिरकत करने के लिए क्रिकेट और ग्लैमर जगत की कई नामी हस्तियां जयपुर पहुंच चुकी हैं।
कौन हैं दूल्हा और दुल्हन?
अभिनेत्री सागरिका घाटगे के छोटे भाई शिवजीत महाराष्ट्र के कागल के शाही मराठा परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे फिटनेस और लाइफस्टाइल क्षेत्र के एक चर्चित ऐप के सीईओ भी हैं। शिवजीत आज पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पल्लवी संग सात फेरे ले रहे हैं।
तीन दिन तक शाही जश्न, आज मुख्य समारोह
मिली जानकारी के अनुसार, इस डेस्टिनेशन वेडिंग के कार्यक्रमों की शुरुआत 13 नवंबर से ही हो गई थी। इस दिन जहीर खान, पत्नी सागरिका घाटगे, उनके बेटे और दूल्हा-दुल्हन के परिजन जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे चौमूं स्थित होटल के लिए रवाना हुए।
14 - 15 नवंबर शनिवार-रविवार को मेहंदी, हल्दी और संगीत जैसी प्री-वेडिंग रस्मों का आयोजन हुआ। कई खास मेहमान भी जयपुर पहुंचे। आज पारंपरिक शाही रीति-रिवाजों के साथ मुख्य विवाह समारोह (फेरे और अन्य रस्में) आयोजित किए जा रहे हैं।
आशीष नेहरा से लेकर अजीत अगरकर तक- शादी में पहुंचे ये खास मेहमान
इस शाही शादी में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी जयपुर पहुंचे हैं।जहीर खान के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर आशीष नेहरा, अजीत अगरकर और पार्थिव पटेल अपने परिवारों के साथ चौमूं स्थित वेन्यू पर मौजूद हैं।
विवाह समारोह के दौरान अभिनेत्री सागरिका घाटगे खूबसूरत और पारंपरिक शाही अंदाज में नजर आईं। उन्होंने ग्रे-सिल्वर एम्ब्रॉयडरी वाली साड़ी के साथ डायमंड और मोतियों की पारंपरिक ज्वेलरी पहनी हुई थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रही हैं।