जयपुर

संगठन ने दिया स्पष्ट संदेश, मोदी को वापिस लाना है, इसलिए जीताओ विधानसभा चुनाव

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
• •
Updated: 10 Oct 2018, 9:26 PM IST
bjp meeting
संगठन ने दिया स्पष्ट संदेश, मोदी को वापिस लाना है, इसलिए जीताओ विधानसभा चुनाव

भवनेश गुप्ता / जयपुर। भाजपा जयपुर शहर विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को सी-स्कीम स्थित एक गार्डन में हुई। इसमें संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं ने साफ कह दिया चुनाव भले ही विधानसभा का हो, लेकिन फोकस में प्रधानमंत्री मोदी हैं। नरेन्द्र मोदी को दोबारा लाना है, जिसका रास्ता विधानसभा चुनाव से ही जाता है। इसलिए यहां सत्ता में आने के साथ—साथ ज्यादा से ज्यादा सीट भी लानी होगी।

बीकानेर सांसद अजुर्नराम मेघवाल ने बैठक में यही संदेश दिया। यही चर्चा का केन्द्र बना रहा, क्योंकि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए केन्द्र सरकार की जरूरत का हवाला दिया जाता रहा। इस बीच एक दिन पहले जयपुर देहात की बैठक में हुए घटनाक्रम का असर इस बैठक में देखने को मिला। नेता—कार्यकर्ताओं से फीडबैक के लिए सभी को बुलाया, लेकिन संगठन इसे समन्वय बैठक बताता रहा। संगठन पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर हो रही तैयारियों की जानकारी ली। हालांकि, इस बीच कई मण्डल अध्यक्ष को अपने ही बूथ की पूरी जानकारी नहीं थी।

बैठक में सांसद रामचरण बोहरा, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, मंत्री अरुण चतुर्वेदी, विधायक अशोक परनामी, सुरेन्द्र पारीक सहित कुछ पार्षद, मण्डल अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने बूथ स्तर पर दिए गए कार्यों का लेखा जोखा जाना। इसमें कईयों की कार्यशैली पर नाराजगी भी जताई।

फीडबैक देते रहे
संगठन ने भले ही इसे समन्वय बैठक बताया, लेकिन इसमें कार्यकर्ता, पदाधिकारी फीडबैक देते रहे। अर्जुनराम मेघवाल खुद नोट करते नजर आए। इसमें कार्यकर्ताओं ने खुद का काम और मांग दोनों गिनाई।

Published on: