जयपुर

राजस्थान का रण : वृद्ध विधायकों का जुगाड़, टिकट न कटे, कटे तो वापस ‘जुड़’ जाए

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
rajasthan ka ran
राजस्थान का रण : वृद्ध विधायकों का जुगाड़, टिकट न कटे, कटे तो वापस 'जुड़' जाए

अरविंद सिंह शक्तावत / जयपुर. राज्य में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां ज्यों-ज्यों बढ़ रही हैं, भाजपा-कांग्रेस में 75 साल से अधिक आयु के कई विधायकों में बेचैनी बढ़ती दिख रही है। इनमें भाजपा विधायकों की संख्या सर्वाधिक है, जो '75 पार को टिकट नहीं' की पार्टी की आचार संहिता को लेकर आशंकित हैं। ऐसे में कुछ विधायक तो अपने पुत्र या अन्य परिजन का नाम आगे बढ़ा रहे हैं ताकि खुद को टिकट न मिले तो भी कटा टिकट घर में ही आ जाए।

गौरतलब है, भाजपा ने तय कर रखा है कि 75 पार हुए नेताओं को टिकट नहीं दिया जाएगा। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में इसे सख्ती से लागू भी किया गया है। मंत्रिमंडल में एक भी सदस्य 75 पार नहीं है। जो मंत्री 75 हैं, उन्हें मंत्रिमण्डल से बाहर कर दिया गया था। ऐसे में अब राज्य के विधानसभा चुनाव में 75 पार नेताओं को टिकट नहीं देने की मांग उठ रही है। पार्टी में नियम पूरी तरह लागू नहीं हो पा रहा है लेकिन टिकट की होड़ में चुनाव से पहले गहरा रही मांग वरिष्ठ नेताओं की चिन्ता बढ़ा रही है।

टिकट कटा तो उठेगी मांग
स्पीकर कैलाश मेघवाल, जल संसाधन मंत्री रामप्रताप, राजस्व मंत्री अमराराम, संसदीय सचिव लादूराम विश्नोई और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष सुंदरलाल। भाजपा में 75 पार ये 5 विधायक अभी सरकार में अहम भूमिका में हैं। चर्चा है कि अमराराम, रामप्रताप और सुंदरलाल पुत्रों को आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी 75 पार को टिकट नहीं देती तो इन तीनों के टिकट पुत्रों को देने की मांग उठेगी।

सुराणा सबसे उम्रदराज
कांग्रेस में 8 बार से विधायक प्रद्युम्न सिंह और 7 बार से विधायक नारायण सिंह 75 पार हो चुके हैं। प्रद्युम्न 81, नारायण 84 साल के हैं। निर्दलीय माणिकचंद सुराणा 14 वीं विधानसभा में सबसे उम्रदराज विधायक हैं। पांच बार जीते सुराणा 87 साल के हैं।

यह हैं हमारे बुजुर्ग विधायक, सबसे बुजुर्ग विधायक हैं मानिक चंद सुराणा

नाम ------------------------उम्र ------------ कितनी बार------------ विस. क्षेत्र
नवनीत लाल निनामा --------79 साल --------चार --------------------घाटोल
अमराराम -------------------75 साल 5 माह --पांच --------------------पचपदरा
लादूराम --------------------75 साल 9 माह ---एक --------------------गुढ़ामालानी
कैलाश मेघवाल ------------84 साल 4 माह ----पांच ------------------ शाहपुरा (भीलवाड़ा)
गोपालकृष्ण जोशी --------- 82 साल ---------- तीन ------------------ बीकानेर पश्चिम
कृष्णाराम ------------------83 साल-----------तीन ------------------- डूंगरगढ़
जयनारायण पूनिया --------85 साल -----------तीन ------------------- तारानगर
रामप्रताप ------------------75 साल 6 माह -----तीन ------------------- हनुमानगढ़
सुंदरलाल ------------------85 साल ------------सात -------------------पिलानी
कैलाश भंसाली -------------77 साल 7 माह ------दो ---------------------जोधपुर
सूर्यकांता व्यास ------------80 साल ------------पांच --------------------सूरसागर
कुंजीलाल मीणा ------------86 साल ------------चार --------------------बामनवास
हीरालाल नागर -------------78 साल ------------ दो --------------------- निवाई

विशेष परिस्थितियों में छूट
पार्टी ने नीति तय तो कर रखी है लेकिन विशेष परिस्थितियों में छूट भी दे सकते हैं। किसी का स्वास्थ्य अच्छा है, क्षेत्र में पकड़ मजबूत है तो टिकट दिया जा सकता है। लेकिन स्वास्थ्य भी ठीक नहीं औैर पकड़ भी नहीं तो टिकट नहीं दिया जाएगा।
मदनलाल सैनी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

Published on:
23 Sept 2018 07:20 am