जयपुर

राजस्थान में चुनाव जीतने के लिए भाजपा-कांग्रेस ने इस तरह झोंकी पूरी ताकत, दोनों पार्टी जुटी दमखम के साथ

Rajasthan Lok Sabha Elections 2024: प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर चुनावी रण जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। मैदान में प्रचार का जिम्मा जहां कार्यकर्ताओं के पास है तो वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी चुनावी जंग के लिए दोनों ही दलों ने सोशल मीडिया की फौज को उतार दिया है।
2 min read
Apr 10, 2024
political_influencer.jpg

Lok Sabha Elections 2024: प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर चुनावी रण जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। मैदान में प्रचार का जिम्मा जहां कार्यकर्ताओं के पास है तो वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी चुनावी जंग के लिए दोनों ही दलों ने सोशल मीडिया की फौज को उतार दिया है। प्रदेश कांग्रेस के आईटी सेल ने लोकसभा की सभी 25 सीटों पर सोशल मीडिया टीमें तैनात की हैं जो फेसबुक, वाट्सऐप, इंस्टाग्राम, सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स और यूट्यूब पर प्रचार कर रहे हैं।

नए मतदाताओं पर फोकस
कांग्रेस का आईटी सेल इन दिनों नए मतदाताओं और कॉलेज छात्र-छात्राओं के बीच कांग्रेस की नीतियों और कल्चर का ज्यादा प्रचार कर रहा है। इसके लिए मीडिया इन्फ्लुएंसर की भी सहायता ली जा रही है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही फेक न्यूज को भी कांग्रेस आईटी सेल की टीमें सही जानकारी लोगों तक पहुंचा रही है। इसके अलावा पार्टी के बड़े नेताओं के वीडियो कंटेंट और संदेश भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर राजस्थान कांग्रेस

एक्स (ट्विटर) पर- 3 लाख 84 हजार

फेसबुक- 10 लाख

इंस्टाग्राम- 1 लाख 24 हजार

यूट्यूब- 1500 सब्सक्राइबर्स

भाजपा : 8900 सोशल मीडिया एक्सपर्ट की टीम उतारी, 1.25 लाख वॉलियंटर्स को किया सक्रिय
चुनावी बिसात बिछने के बाद भाजपा का सोशल मीडिया आक्रामक तरीके से प्रचार में जुट गया है। लोकसभा की सभी सीटों पर 8900 सोशल मीडिया एक्सपर्ट की टीम काम कर रही है। इनके अलावा उन 1.25 लाख वॉलियंटर्स को सक्रिय कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर आने वाले कंटेंट को फॉरवर्ड करते हैं। इसमें मुख्य रूप से मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थियों से संवाद, प्रचार अभियान का लाइव कवरेज पर फोकस है। साथ ही कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के उन कंटेंट को वायरल कर रहे हैं, जिनमें उनके विवादित बयान हैं। जल्द ही राजस्थान भाजपा की सोशल मीडिया टीम अब हर बूथ पर नजर आएगी।

इस तरह से सक्रिय
लाइव कवरेज के साथ कार्टून, ग्राफिक्स, रील्स, इन्फोग्राफिक, मीम्स के जरिए भी प्रचार किया जा रहा है। एक्स, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, वाट्सएप पांचों सोशल मीडिया प्लेटफार्म के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं। सोशल मीडिया विभाग के संयोजक हीरेन्द्र कौशिक, सहसंयोजक अजय विजयवर्गीय अपनी टीम के साथ सुबह 6 से रात 12 बजे तक सक्रिय हो गए हैं।

1500 इंफ्लुएंसर को जोड़ा
पार्टी नेता उन सभी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से मिल रहे हैं जो ट्वीटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ज्यादा प्रभाव रखते हैं। इनके फॉलोअर्स लाखों में है। ऐसे 1500 इंफ्लुएंसर को जोड़ा जा चुका है।

सोशल मीडिया पर भाजपा

एक्स (ट्विटर) पर 9.06 लाख फॉलोअर्स

फेसबुक पर 27 लाख फॉलोअर्स

यूट्यूब पर 7800 सब्सक्राइबर्स

Updated on:
10 Apr 2024 08:51 am
Published on:
10 Apr 2024 08:51 am