24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Weather Update : राजस्थान के माउंट आबू में 195 M.M. हुई बारिश, 25 जुलाई को सिरोही-जालोर में Heavy Rain का ऑरेंज अलर्ट

Rajasthan Weather Update : राजस्थान में मानसून मेहरबान हो गया है। आज माउंट आबू में साढ़े सात इंच (195 मिमी) बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार के लिए सिरोही और जालोर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी सभी जिलों में येलो अलर्ट है।
3 min read
Google source verification
Rajasthan Weather Update Mount Abu 195 MM rain Sirohi Jalore Orange alert 25 July

Rajasthan Weather Update : नागाणी. लोगों को जेसीबी मशीन में बिठाकर पामेरा नदी पार करवाते हुए ग्रामीण। फोटो पत्रिका

Rajasthan Weather Update : सावन की शुरुआत से पहले प्रदेश में मानसून के मेघ पूरी तरह मेहरबान हैं। शुक्रवार को भी अलग-अलग जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहा। सर्वाधिक बारिश माउंट आबू में हुई। यहां 195 मिमी (7.5 इंच) बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद पहाड़ी पर चहुंओर झरने बहते नजर आए और बादलों में पहाड़ियां लिपटी दिखी। वहीं, बाड़मेर के पचपदरा, राजसमंद के आमेट में साढ़े तीन इंच तथा सलूंबर और चित्तौड़गढ़ के बड़ेसर में पौने तीन इंच बारिश हुई। इधर, जयपुर में बादलों की आवाजाही रही, लेकिन अच्छी बारिश नहीं हुई।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सिरोही, पाली, भीलवाड़ा, बीकानेर, अलवर, राजसमंद, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक, जालोर, श्रीगंगानगर, जोधपुर, लूणकरणसर समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई। वहीं, शनिवार के लिए सिरोही और जालोर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बाकी सभी जिलों में येलो अलर्ट है।

जैसलमेर से गुजर रही है मानसून ट्रफ लाइन

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से दक्षिणी राजस्थान तथा उदयपुर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2 से 3 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा मध्यम से कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है।

माउंट आबू में सड़क के किनारे बहते झरने बने आकर्षण का केंद्र

पर्यटन स्थल माउंट आबू में रुक-रुक कर हो रही बारिश से नदी-नालों में पानी आया। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 22 मिलीमीटर बारिश हुई। दिनभर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का दौर चलता रहा, जिससे क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर रहे और सड़क किनारे बहते झरने पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाली से आच्छादित पहाड़ियां, बादलों की आवाजाही और मनमोहक प्राकृतिक नजारे सैलानियों को खूब लुभा रहे हैं। देश-विदेश से आए पर्यटक इन दृश्यों को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।

सुबह करीब 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहने से वाहन चालकों को लाइटें जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। वहीं, स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने नक्की झील परिक्रमा पथ, अनादरा प्वाइंट मार्ग, पोलो ग्राउंड, पिलग्रिम रोड तथा देलवाड़ा-अचलगढ़ मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर सुहाने मौसम का आनंद लिया।

कहां - कितनी बारिश दर्ज (मिमी में)

माउंट आबू - 195
पचपदरा (बाड़मेर) - 90
आमेट (राजसमंद) - 90
सलूंबर (उदयपुर) - 70
बड़ेसर (चित्तौड़गढ़) - 70
कोटड़ा (उदयपुर) - 60
धोरीमन्ना (बाड़मेर) - 60
जालोर - 60
टाटगढ़ (अजमेर) - 50
बालोतरा (बाड़मेर) - 50
राजसमंद - 50
ओसियां (जोधपुर) - 50

औसत से अब भी 19 प्रतिशत कम बारिश

मानसून सीजन की बात करें तो राजस्थान अब भी औसत वर्षा से पीछे चल रहा है। 22 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य औसत वर्षा 158.13 मिमी के मुकाबले 127.86 मिमी बारिश दर्ज हुई है, यानी प्रदेश में अब भी करीब 19 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। बीते साल इसी अवधि तक 323.63 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इस लिहाज से इस बार अब तक करीब 165 मिमी कम वर्षा हुई है।