
Jaipur: चोरी कर भाग रहे चोर को लोगों ने दबोचा (Photo-Patrika)
Choura Rasta Theft: राजधानी जयपुर के चौड़ा रास्ता इलाके से दिनदहाड़े एक चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार चोर पार्किंग में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर बैग लेकर भाग रहा था। यह देखकर लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ने में सफल रहे। इस चोरी की वारदात के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिस सूचना के 20 मिनट बाद पहुंची।
जानकारी के अनुसार, जयपुर के चौड़ा रास्ता इलाके में एक व्यक्ति अपनी कार पार्क कर किसी काम से चला गया था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और कार का शीशा तोड़ दिया। शीशा तोड़ने के बाद उसने कार में रखे बैग को लेकर भागने की कोशिश की। जब वह बैग उठाकर भाग रहा था, तभी आसपास मौजूद लोगों ने उसे चोरी करके भागते हुए देख लिया। देखते ही लोगों ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया जिस वजह से सबका ध्यान उसी तरफ आकर्षित हो गया।
युवक को भागता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करने के बाद लोगों ने उसे लालजी सांड के रास्ते में पकड़ लिया। लोगों ने उसके पास से चोरी किया गया बैग भी बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि बाजार में हर समय बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में दिनदहाड़े इस तरह की चोरी की वारदात होना चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ।
बुधवार सुबह जयपुर के बजाज नगर थाना इलाके के बरकत नगर में रहने वाली 53 साल के नीरज कुलश्रेष्ठ डॉक्टर को दिखाकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि इलाके में लगातार चाकूबाजी और लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने एक पहचान पत्र भी दिखाया और कहा कि सुरक्षा के लिए सोने की चेन और चूड़ियां उतारकर पर्स में रख लें। महिला उनकी बातों में आ गई। बदमाशों ने गहनों की पुड़िया बनाकर पर्स में रखने का नाटक किया, लेकिन उसी दौरान असली सोने की चेन और चूड़ियां निकालकर उनकी जगह नकली चेन और आर्टिफिशियल चूड़ियां रख दीं। इसके बाद दोनों बाइक सवार वहां से फरार हो गए। महिला को ठगी का पता तब चला, जब वह घर पहुंची। बाद में उसने बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।
Updated on:
24 Jul 2026 06:41 pm
Published on:
24 Jul 2026 06:07 pm
