जयपुर

मदन दिलावर ने राहुल गांधी को लेकर फिर से दिया विवादित बयान, अशोक गहलोत पर लगाए गंभीर आरोप

Rajasthan Politics: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि वो विदेशी महिला के पेट से जन्मे बालक हैं, उनका भारत देश से कोई लेना-देना नहीं हैं। वहीं, कांग्रेस पर गांधी का नाम लेकर षडयंत्र रचने का भी आरोप लगाया है।

2 min read
Sep 28, 2024

Rajasthan Politics: अक्सर अपने बयानों से सुर्खियां बटोरेने वाले पंचायती राज और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आज फिर से राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी महिला के पेट से जन्मा बालक बताया है। इसके अलावा दिलावर ने कांग्रेस पर गांधी का नाम लेकर षडयंत्र रचने का भी गंभीर आरोप लगाया है। बता दें मदन दिलावर आज जयपुर के सेंट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका का अवलोकन करने पहुंचे थे।

इस दौरान मदन दिलावर ने मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी को लेकर कहा कि एक विदेशी महिला के पेट से जन्मे हुए बालक हैं, इसलिए इनको भारत से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस की स्थापना ही विदेशियों ने की है। यानि विदेशी भाव, विदेशों मे श्रद्धा, भारत मे अश्रद्धा हमेशा कांग्रेस में कूट-कूट कर रही है।

उन्होंने कभी गांधी को माना ही नहीं- दिलावर

वहीं, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस और खासकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने कभी गांधी को माना ही नहीं, गांधी के नाम का ढींढोरा पीट रहे हैं। गांधी के नाम पर खुद गांधी कहलाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। काहे के गांधी है भाई। ये कैसे गांधी हैं, जो गांधी वाटिका म्यूजियम में पैसा लगाने में भी भ्रष्टाचार कर गए? उन्होंने आगे कहा कि मैं 2 अक्टूबर को सिर्फ उनको आमंत्रित करता हूँ, जिनका मन और विश्वास गांधी जी में है।

आगे दिलावर ने कहा कि कांग्रेस ने इस गांधी वाटिका के माध्यम से केवल भ्रष्टाचार किया है, गांधी जी के जो सिद्धांत इस वाटिका में होने चाहिए, वो नहीं हैं। कांग्रेस सिर्फ गांधी जी के नाम का उपयोग कर रही है, उन्हीं के नाम का इस्तेमाल करके उन्होंने आपातकालीन लगाई। इंदिरा गांधी, राहुल गांधी इनका कोई नाता गांधी जी से नहीं है। कांग्रेसी तो गांधी जी के कट्टर विरोधी थे। लेकिन आज ये सिर्फ गांधी के नाम का ढिंढोरा पीट रहे हैं। इस भवन में पैसा लगाने पर भी वो भ्रष्टाचार कर गए हैं।

पिछले साल हुआ था उद्घाटन

बताते चलें कि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी एवं तत्‍कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले साल 23 सितंबर को जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका’ का लोकार्पण किया था। यह गांधी वाटिका नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों से परिचित कराने के लिए गांधीवादी विचारकों की समिति के मार्गदर्शन में 85 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई है।

Updated on:
28 Sept 2024 04:14 pm
Published on:
28 Sept 2024 03:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर