जयपुर

कांग्रेस MLA के बाद अब BJP विधायक की पत्नी ने घर पर लगवाया टीका, सोशल मीडिया पर फूट रहा लोगों का आक्रोश

जहां लोगों को अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार तक करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ वीआइपी के घर पर वैक्सीन लगाई जा रही है।
2 min read
• •
Updated: 7 May 2021, 11:04 AM IST
corona_vaccine.jpg

जयपुर। कोरोना संकट काल में प्रदेश में भी बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन का काम चल रहा है। खुद को सुरक्षा चक्र के दायरे में लेने के मकसद से लोग वैक्सीनेशन केंद्रों और विभिन्न जगहों पर लगाए जा रहे शिविर में पहुंच रहे हैं। कुछ जगहों पर तो नौबत ये आई हुई है कि वैक्सीनेशन केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगने लगी हैं।

कुछ जगहों पर तो मारामारी सी स्थिति दिखने लगी है, जहां लोगों को अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार तक करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ वीआइपी के घर पर वैक्सीन लगाई जा रही है। इनमें कुछ राजनेता और उनके परिवार के लोग शामिल हैं, जिनके घरों में वैक्सीन की होम डिलीवरी का काम हो रहा है। स्वास्थ्यकर्मी इन जनप्रतिनिधियों को वैक्सीन लगाने के लिए इनके घर तक पहुंच रहे हैं।

नया मामला, चित्तौडगढ़ से भाजपा विधायक चंद्रभान आक्या की धर्मपत्नी सुशीला कंवर आक्या का सामने आया है। सुशीला कंवर ने वैक्सीन लगाते अपनी तस्वीर खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है। इस तस्वीर में उन्होंने मास्क भी नहीं पहन रखा है।

दिलचस्प बात ये है कि सुशीला कंवर खुद घर पर वैक्सीन लगवा रहीं हैं, जबकि तस्वीर के साथ साझा की पोस्ट में वो आमजन को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर वैक्सीन लगाने की नसीहत दे रही हैं। गौरतलब है कि सुशीला कंवर आक्या भदेसर क्षेत्र की प्रधान भी हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले ठीक ऐसे ही घर पर वैक्सीन लगाते तस्वीर प्रतापगढ़ के कांग्रेस विधायक रामलाल मीणा की भी सामने आई थी, जिसमें वे घर पर ही बैठकर कोरोना वैक्सीनेशन की पहली डोज लगाते दिखाई दिए थे।

सोशल मीडिया पर खरी-खोटी
सोशल मीडिया पर जनता सुना रही खरी-खोटी नेताओं का घरों पर ही वैक्सीन लगाने की तस्वीरें इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इनमें सत्ताधारी दल के विधायक भी शामिल हैं तो विपक्षी विधायकों के परिवारजन भी। वहीं जनप्रतिनिधियों की घर में ही वैक्सीन लगवाने की फोटो पर लोग अपना आक्रोश निकाल रहे हैं।

Updated on:
7 May 2021, 11:04 AM IST
Published on: