
Rajasthan Monsoon : प्रदेश में 26 जून से मानसून आने की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। कारण है कि मानसून गुजरात और मध्यप्रदेश के अधिकतर जिलों को कवर कर चुका है। आने वाले दो दिन में मानसून की दस्तक राजस्थान में होगी। मौसम केन्द्र भी 26 से 28 के बीच राजस्थान में मानसून आने की संभावना जता रहा है। राजस्थान में आने वाला मानसून दो राज्यों से प्रदेश में एंट्री लेगा। उदयपुर में गुजरात और कोटा में एमपी से मानसून एंट्री लेगा। मौसम केन्द्र ने 27 और 28 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी है।
एक ओर मानसून, दूसरी ओर लू
राज्य में मौसम का अजीब ही संयोग देखने को मिलेगा। राज्य में पश्चिमी राजस्थान में जहां पांच जिलों में लू चलने की संभावना जताई जा रही है वहीं दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में मानसून का इंतजार किया जा रहा है। मौसम केन्द्र के अनुसार दक्षिणी और पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वहीं, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर में लू की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
कई जगह बारिश, बिजली गिरने से तीन की मौत
प्रदेश में सोमवार को कई जिलों में बारिश हुई, जिससे वहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं प्रदेश में सोमवार को अलग-अलग जगह बिजली गिरने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हाड़ौती अंचल में बीते तीन दिन से जारी भीषण गर्मी व उमस के बाद सोमवार शाम राहत की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। झालावाड़ जिले में तेज गर्मी व उमस के बाद मौसम बदला। मनोहरथाना में पौन घंटे तेज बारिश हुई। सीकर में सोमवार सुबह से मौसम बार-बार बदलता रहा। तेज उमस के कारण लोग सुबह से पसीने से तरबतर रहे। दोपहर में जयपुर रोड सहित कई इलाकों में छितराई बारिश हुई। इसके बाद बारिश के बादल छा गए और रुक-रुक कर फुहारें गिरने से शाम को मौसम सुहाना रहा।
यहां मौत: बांसवाड़ा के महुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। चित्तौडग़ढ़ के सेठवाना गांव में सोमवार तडक़े बिजली गिरने से सुरेश लाल (30), गंगरार क्षेत्र में गीता की मौत हो गई। वहीं दुवावा गांव में बिजली गिरने से दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए।
इन जिलों में तापमान अधिक
जैसलमेर : 45
बीकानेर : 44
गंगानगर : 43.6
फलोदी : 43
संगरिया : 42.8
फतेहपुर : 42.7
चूरू - 42.4
डिग्री सेल्सियस में