
जयपुर ।
राजस्थान में रविवार सुबह से ही कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। पिछले तीन दिनों से चल रही बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखी गई। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान करीब 25 से 27 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 22 डिग्री से 25 डिग्री तक रहा। झमाझम बारिश का दौर राजधानी जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, नागौर, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, टोंक समेत प्रदेश के कई जिलों में रहा है। वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान में अगले चार दिन में भारी बारिश की चेतावनी भी दी है।
बारिश से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को हुई परेशानी
अजमेर, पुष्कर सहित आस पास के क्षेत्रों में रविवार दोपहर तेज बरसात हुई। करीब पौन घंटे से ज्यादा समय तक बारिश होती रही।कॉन्सटेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यार्थियों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई। दोपहर करीब दो बजे तेज बरसात शुरू हुई। इसी बीच कॉन्सेटबल भर्ती परीक्षा के अभ्यार्थियों की दूसरी पारी की परीक्षा का समय भी हो गया। परीक्षा केन्द्रों के बाहर खड़े परीक्षार्थी भीग गए। बारश के बचने के लिए अभ्यार्थी इधर-उधर छत का आसरा लेते नजर आए। बारिश से नाले उफान पर आ गए। शहर के स्टेशन रोड, पुरानी मण्डी, नला बाजार सहित अन्य हिस्सों में सड़क पर पानी ही पानी हो गया।
उदयपुर में दोपहर बाद हुई तेज मूसलाधार बारिश
इन्द्र देवता की रविवार को उदयपुर में अच्छी मेहरबानी रही। रविवार तडक़े से शहर में झमाझम बारिश हुई जो अनवरत सुबह 11 बजे तक रुक-रुक कर चलती रही। इसके अलावा उदयपुर के शहर के कई इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में मध्य रात्रि से ही बारिश हुई थी। उदयपुर में बारिश से कई इलाकों में सडक़ें लबालब हो गई थी। उदयपुर जिले के कानोड़ कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में सुबह रिमझिम हुई। जिले के कुराबड़, बंबोरा, गींगला, मावली क्षेत्र में भी बारिश हुई।
रविवार दोपहर एक बजे करीब तेज गर्जना के साथ मुसलाधार बरसात शूरू हुई जिसके बाद करीब एक घंटे तक मुसलाधार बरसात का दौर जारी रहा । उससे एक दिनपूर्व शनिवार को भी मुसलाधार बरसात होने के बाद लूणदा क्षैत्र के आसपास के गांवों में करीब करीब सभी छोटे-छोटे एकनिट लबालब हो गये जिसको देखने भी आसपास के युवा व ग्रामीण पहुंच रहे हैं। वहीं मूसलाधार बरसात से किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
बारिश के दौरान गिरी बिजली, बालकनी गिरने से महिला दबी
वहीं जोधपुर शहर के इंदिरा कॉलोनी में एक मकान पर बारिश के दौरान बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान की बालकनी धराशयी हो गई। इस दौरान एक महिला मलबे में दब गई। बिजली गिरने बालकनी धाराशायी होते वक्त घर की महिला संतोष सोलंकी दरवाजा बंद करने गए थी। इस महिला भी गिरते हुए मलबे में दब गई। जिसे गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया।