युवती रात को अचानक से घर से गायब हो गई। उसके पिता ने बताया कि वह रात को परिजनों के साथ सोई थी। सुबह जागे तो वह नहीं मिली।
शाहपुरा। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर शाहपुरा में राजपुरा पुलिया के पास शनिवार सुबह कार में युवक-युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों का शव कार में मिला है। मृतक युवक की जेब में मिले कागजात के आधार पर औद्योगिक कॉलोनी बहरोड़ निवासी सुनीलकुमार शर्मा (25) के रूप में पहचान हुई। जबकि मृतक युवती हरसौरा थाना, जिला अलवर निवासी सुमन गोस्वामी (18) है।
पुलिस के मुताबिक जिस स्थिति में शव मिले, उसे देखते हुए प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शनिवार प्रात: करीब 11 बजे एनएच 8 किनारे लावारिस कार खड़ी होने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कार स्टार्ट और एसी चल रहा था।
कार में आगे की सीट पर युवक-युवती मृत अवस्था में पड़े थे। कार में चालक सीट पर युवक और साइड की सीट पर युवती थी। सूचना पर डीएसपी शाहपुरा भागचंद मीना व थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह घटनास्थल पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस घटनास्थल से शव समेत कार को क्रेन से अस्पताल लेकर आई।
यहां मृतक की जेब में मिले कागजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर युवक-युवती के परिजन शाहपुरा सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। इधर, कार में शव मिलने पर अस्पताल में भीड़ जमा हो गई।
एफएसएल टीम ने लिए नमूने-
एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि कार स्टार्ट थी, एसी चल रहा था। कार के अन्दर कागज में विषाख्त पदार्थ मिला है। ऐसे में संभवतया मौत विषाख्त पदार्थ का सेवन करने से हुई है। सूचना पर जयपुर से पहुंची एफएसएल टीम ने कार से जांच के लिए नमूने लिए। टीम ने कार में कागज में रखे मिले विषाख्त पदार्थ व कपड़ों की जांच कर नमूने उठाए। एमओबी टीम ने भी मौके पर जाकर जांच की।
दो बच्चों का पिता था युवक-
पुलिस ने बताया कि सुनीलकुमार शादीशुदा है और बहरोड़ में इलेक्ट्रिक की दुकान करता था। उसकी ८ वर्ष पहले शादी हुई थी। उसके ६ व ४ वर्ष के बच्चे है।
रात को घर से निकला था-
मृतक के पिता ओमप्रकाश व भाई सुभाष ने बताया कि सुनील बीती रात करीब 2 बजे बाहर जाकर आने की कहकर घर से कार लेकर निकला था। सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर दुकान व आस-पास तलाश किया, लेकिन नहीं मिला और मोबाइल भी बंद था। दोपहर में शाहपुरा से मौत की सूचना मिली तो परिजन सन्न रह गए। अस्पताल में शव देखकर परिजन फफक पड़े।
सुबह परिजन जागे तो कमरे में नहीं मिली सुमन-
कार में मृत मिली युवती सुमन रात को अचानक से घर से गायब हो गई। उसके पिता ने बताया कि वह रात को परिजनों के साथ सोई थी। सुबह जागे तो वह नहीं मिली। आसपास तलाश किया लेकिन कोई जानकारी नहीं लगी। दोपहर में मौत की खबर मिली तो परिजन शाहपुरा पहुंचे। मृतका ने पिछले साल 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी थी, लेकिन फेल होने पर पढ़ाई छोड़ दी।
प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला-
पुलिस के मुताबिक जिस स्थिति में शव मिले हैं, उससे प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। हालांकि परिजनों से पूछताछ भी की, लेकिन दोनों के बीच संबंधों के बारे में अनभिज्ञता जताई। ऐसे में पुलिस अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।