जयपुर

Rajasthan Cabinet: भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल की घोषणा जल्द, अमित शाह लगाएंगे ‘मुहर’

Rajasthan Cabinet: प्रदेश में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों को तो शपथ दिलवाई जा चुकी है, लेकिन मंत्रियों की कब शपथ होगी? मंत्रिमंडल का गठन कब होगा? ये सवाल अभी भी बरकरार हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों दिल्ली में भाजपा नेताओं की जो बैठक हुई थी

2 min read
Dec 20, 2023

अरविन्द सिंह शक्तावत
Rajasthan Cabinet: प्रदेश में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों को तो शपथ दिलवाई जा चुकी है, लेकिन मंत्रियों की कब शपथ होगी? मंत्रिमंडल का गठन कब होगा? ये सवाल अभी भी बरकरार हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों दिल्ली में भाजपा नेताओं की जो बैठक हुई थी, उसमें करीब 30 नामों की सूची तैयार कर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेज दी गई है। अब अंतिम चर्चा होगी। इसके बाद मंत्रिमंडल की घोषणा होगी। ऐसा माना जा रहा है कि अमित शाह और पीएमओ की हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल का गठन हो जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की मौजूदगी में प्रदेश के भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई थी। उसमें संभावित नामों को छांट कर सूची तैयार कर ली गई है और यह सूची अमित शाह के पास भेज दी गई है। इस सूची में 30 से ज्यादा नाम हैं। अब इनमें से करीब 15 से 20 नामों की फाइनल सूची तैयार की जाएगी। इसे लेकर पार्टी के कुछ बड़े नेताओं की एक बैठक होगी और फिर प्रदेश भाजपा को यह सूची भेज दी जाएगी। सूची को अंतिम रूप देने से पहले आरएसएस के राजस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों से भी चर्चा की जाएगी।

गठन मंत्रिमंडल का, नजर लोकसभा पर
पार्टी सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल के गठन में लोकसभा चुनाव पर सबसे ज्यादा फोकस होगा। ऐसी कोशिश रहेगी कि मंत्रिमंडल के गठन में प्रदेश की ज्यादा से ज्यादा लोकसभा सीटें कवर की जा सकें। अभी तक सीएम और डिप्टी सीएम बने हैं। इससे पार्टी दो लोकसभा सीट ही कवर कर पाई है। मारवाड़ की सभी लोकसभा सीटों को कवर करने पर सबसे ज्यादा फोकस है। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल के गठन में मारवाड़ की छाया भी ज्यादा दिखेगी।

पहली और दूसरी बार के विधायकों की ज्यादा संभावना
यह भी चर्चा है कि भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल में पहली और दूसरी बार के विधायकों की संख्या सबसे ज्यादा होगी। इसके पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि पार्टी ने सीएम बदलकर पीढ़ी बदलाव तो कर दिया। अब मंत्रिमंडल भी इसी तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिससे अगले बीस साल की राजनीति पर असर पड़े। दो-तीन वरिष्ठ विधायकों को भी मंत्रिमंडल में लिया जाएगा, जिससे सरकार को सदन में फ्लोर मैनेजमेंट में कम जोर आए।

राज्यपाल आज से उदयपुर दौरे पर
मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा गरम है, लेकिन बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार इस सप्ताह के अंत या फिर अगले सप्ताह में हो सकता है। राज्यपाल कलराज मिश्र बुधवार से तीन दिवसीय उदयपुर दौरे पर हैं। उदयपुर से वे 22 को जैसलमेर चले जाएंगे। यहां राष्ट्रपति के आने का कार्यक्रम बना है। 23 की शाम को या फिर अगले दिन राज्यपाल जयपुर आ सकते हैं। यदि दिल्ली से मंत्रिमंडल की सूची को हरी झंडी मिल जाती है तो यह भी संभावना है कि राज्यपाल को निवेदन कर बीच में ही जयपुर बुला लिया जाए।

इन नेताओं ने तैयार किया मंत्रिमंडल का ड्राफ्ट
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेम चंद बैरवा, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, राजेन्द्र राठौड़, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ मिलकर मंत्रिमंडल के संभावित नामों की सूची तैयार की है।

Published on:
20 Dec 2023 07:53 am
Also Read
View All