जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: 22 जिला परिषदों और 124 पंचायत समितियों में मतदान, वोटिंग के बाद बाड़ेबंदी की तैयारी

Rajasthan Zila Parishad and Panchayat Samiti Election: राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिला परिषदों और 124 पंचायत समितियों के 2,549 वार्डों में बुधवार को मतदान होगा। 1.06 करोड़ मतदाता 8,404 दावेदारों का भविष्य तय करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 9:08 PM IST
rajasthan panchayat election 2026 2nd phase voting
Rajasthan Panchayat Election 2026 2nd Phase Voting (Patrika File Photo)

Rajasthan Panchayat Election 2026 Second Phase Voting: जयपुर: राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए 22 जिला परिषदों के 352 और 124 पंचायत समितियों के 2,197 वार्डों में बुधवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इससे नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके पुत्रों सहित 8,404 दावेदारों का भविष्य तय होगा। इन वार्डों में मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दल रवाना हो गए, जो शनिवार को उप-सरपंच चुनाव के बाद लौटेंगे।

बता दें कि 11,799 मतदान दलों ने उनको आवंटित मतदान दलों पर पहुंचकर शाम से ही बुधवार सुबह होने वाले मतदान की तैयारियां शुरू कर दी। इस चरण में मंत्री खर्रा की पत्नी शांति देवी खर्रा, बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा सहित अन्य परिजन के भविष्य का भी फैसला होगा।

वोटिंग के साथ ही होगी बाड़ेबंदी

जिला परिषद और पंचायतीराज चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही अन्य दलों के कुछ प्रत्याशी व कई जगह निर्दलीय चुनौती दे रहे हैं। ऐसे में वोटिंग खत्म होते ही कई जगह कांग्रेस और बीजेपी नेता अपने-अपने समर्थक उम्मीदवारों को बाड़ेबंदी में होटलों और रिसोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। पंचायत समिति सदस्य प्रधान का और जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख का चुनाव करेंगे।

किन-किन जिलों में होगा मतदान?

दूसरे चरण में प्रदेश के 22 जिलों में मतदान होगा। इनमें अजमेर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, दौसा, नागौर, पाली, सीकर, झुंझुनूं, जालोर, सिरोही, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और राजसमंद शामिल हैं। जयपुर जिले में आमेर, जालसू, रामपुरा डाबरी, शाहपुरा और अमरसर पंचायत समितियों में मतदान होगा। इन क्षेत्रों में पंचायत समिति के 81 वार्डों और 112 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया जाएगा।

वोटिंग के लिए मान्य दस्तावेजों की लिस्ट

  • आधार कार्ड
  • मनरेगा जॉब कार्ड (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का जॉब कार्ड)
  • फोटोयुक्त बैंक या डाकघर पासबुक
  • आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड (श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड या आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड)
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • पैन कार्ड
  • भारतीय पासपोर्ट
  • फोटोग्राफ सहित पेंशन दस्तावेज
  • फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र (केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किया गया पहचान पत्र)
  • सांसदों और विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र
  • विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी)
Updated on:
27 Oct 2026, 9:08 PM IST
Published on: