
Rajasthan : अभिनेता सनी देओल। फोटो - ANI
Rajasthan : प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड डॉक्टर्स एसोसिएशन, राजस्थान ने आगामी फिल्म ‘सूर्या’ के ट्रेलर में डॉक्टरों और चिकित्सा संस्थानों के चित्रण पर गंभीर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक और मुख्य अभिनेता सनी देओल को एडवोकेट मनीष कुमावत के जरिए विधिक नोटिस भेजा है। प्रेसिडेंट डॉ. विजय कपूर की ओर से जारी नोटिस में ट्रेलर में एक डॉक्टर को सामान्य बीमारी के लिए 5 लाख रुपए का बिल बनाने, 25 जांचें लिखने और प्रिस्क्रिप्शन के स्थान पर कमीशन लिखने के रूप में दिखाने पर आपत्ति जताई गई है। इसके बाद चिकित्सा संस्थान में तोड़-फोड़ और चिकित्साकर्मियों के साथ मारपीट के दृश्यों पर भी सवाल उठाए गए हैं।
प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड डॉक्टर्स एसोसिएशन राजस्थान के प्रेसिडेंट डॉ. विजय कपूर ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अनैतिक आचरण या लापरवाही की आलोचना करना किसी भी फिल्म का रचनात्मक अधिकार है, लेकिन कुछ घटनाओं या व्यक्तियों के आधार पर पूरे चिकित्सा समुदाय के प्रति अविश्वास और आक्रोश पैदा करने वाला चित्रण चिंताजनक है। विशेष रूप से डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा और तोड़फोड़ को दिखाना गंभीर विषय है। देश में चिकित्सक पहले ही हिंसा, धमकियों और हमलों की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे चित्रण से चिकित्सकों के प्रति शत्रुता बढ़ने और हिंसा को सामान्य मानने का जोखिम पैदा हो सकता है।
यहीं नहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भी इस प्रकरण से बहत खफा है। IMA ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को चिट्ठी लिखकर फिल्म के कंटेंट की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर फिल्म को बैन करने की भी मांग की गई है। इस मसले पर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने साफ किया है कि फिल्म को अभी तक सर्टिफिकेशन के लिए जमा ही नहीं किया गया है। उन्होंने अभी फिल्म को देखा नहीं है और न ही इसे रिलीज करने के लिए कोई सर्टिफिकेट दिया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखी चिट्ठी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। फिल्म की निष्पक्ष जांच, स्वतंत्र रूप से समीक्षा फिर फिल्म में जरूरी बदलाव किए जाएं।
फिल्म में सनी देओल के अतिरिक्त प्रज्ञा जायसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, रवि किशन, टीनू आनंद, विर्ति वाघानी, जिषु सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी भी अपनी अदाकारी से सबका मन मोहेंगे। फिल्म ‘सूर्या’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।
Updated on:
27 Oct 2026, 6:34 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 6:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.