
कीटनाशक पीने वाले आरोपी का गंभीर हालत में इलाज जारी (पत्रिका फोटो)
Didwana Murder News: डीडवाना जिले में खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में मंगलवार दोपहर मामूली कहासुनी के बाद हत्या की वारदात हो गई। रिश्ते के चाचा आकाश उर्फ ओमप्रकाश (40) पुत्र सूखाराम जाट ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी अक्षिता उर्फ मीनू पुत्री भूराराम पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में अक्षिता की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई लड़की की दादी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी खेतों की तरफ भाग गया और कीटनाशक पी लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आकाश उर्फ ओमप्रकाश अपने चचेरे भाई भूराराम के घर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर ओमप्रकाश और उसकी भतीजी अक्षिता उर्फ मीनू के बीच बहस हो गई। इससे गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और अक्षिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में अक्षिता की मौके पर ही मौत हो गई।
अक्षिता को बचाने के लिए उसकी दादी तुलछा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। इस दौरान आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में तुलछा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका कुचामन जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जब पुलिस टीम उसके पास पहुंची, तब तक वह कीटनाशक का सेवन कर चुका था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे और वह अचेत अवस्था में था। पुलिस ने उसे डीडवाना के राजकीय बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे उपचार के लिए सीकर रेफर कर दिया गया। आरोपी का उपचार पुलिस निगरानी में चल रहा है।
खुनखुना थाने में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम कल्याणपुरा गांव पहुंच गई। पुलिस ने दो टीमें बनाकर कार्रवाई की। एक टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, जबकि दूसरी टीम ने घायल तुलछा देवी को कुचामन अस्पताल पहुंचाया। खेतों में तलाशी के दौरान पुलिस को एक जगह कीटनाशक की खाली बोतल मिली। इससे कुछ दूरी पर ही आरोपी आकाश अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे आगे के उपचार के लिए सीकर रेफर किया गया।
-डॉ. प्यारेलाल शिवरान, एसपी, डीडवाना
Updated on:
27 Oct 2026, 8:09 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 8:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.