
Panchayat Election in Rajasthan 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। प्रदेश के 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुनने के लिए ग्रामीण मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस चरण में 116 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाले 34,218 वार्डों में बैलेट पेपर के जरिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ही मतगणना शुरू होगी। सरपंच पद के चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।
बूंदी जिले के तालेड़ा पंचायत चुनाव के दौरान रघुनाथपुरा गांव में सरपंच पद के चुनाव को लेकर रुपए बांटने के आरोपों से राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेता रघु शर्मा पर सरपंच प्रत्याशी मोनू कटारिया के समर्थन में मतदाताओं को रुपए बांटने का आरोप लगाया गया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रघु शर्मा पंचायत समिति सदस्य पद की प्रत्याशी मीनाक्षी व्यास के पति बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि रघु शर्मा गांव में रुपए बांट रहे थे। इसी दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और विवाद की स्थिति बन गई। मामला बढ़ने की आशंका के चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
तालेड़ा थानाधिकारी मुकेश यादव ने बताया कि रघु शर्मा ने स्वयं फोन कर एक चाय की दुकान पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, ग्रामीणों की ओर से रुपए बांटने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव के दौरान लगे इन आरोपों ने गांव में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
मतदान शुरू होने के शुरुआती दो घंटों में प्रदेशभर से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रहने की सूचना मिली है। अब तक किसी भी मतदान केंद्र से अप्रिय घटना या फर्जी मतदान की शिकायत सामने नहीं आई है। निर्वाचन अधिकारी कंट्रोल रूम के जरिए सभी जिलों में मतदान की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
भरतपुर, करौली, दौसा, धौलपुर और सवाई माधोपुर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों और वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सीकर जिले की मगनपुरा ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति समर्पण की प्रेरक तस्वीर सामने आई। यहां 90 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर पर पोलिंग बूथ पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह देखने लायक रहा। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 नवंबर को निर्वाचित वार्ड पंच उपसरपंच का चुनाव करेंगे।