
पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा (पत्रिका फोटो)
Tonk Zila Parishad Elections 2026: टोंक जिला परिषद सदस्य बनने के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की आर्थिक हैसियत भी उनके नामांकन के साथ सामने आई है। किसी प्रत्याशी के पास करोड़ों की संपत्ति है तो कोई लाखों में अपनी आर्थिक स्थिति बता रहा है। यहां तक कि एक प्रत्याशी की घोषित संपत्ति महज 90 हजार रुपए है। नामांकन के दौरान प्रस्तुत शपथ पत्रों में 74 प्रत्याशियों की चल-अचल संपत्ति के विवरण में यह अंतर सामने आया है।
इनमें निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा 7 करोड़ 3 लाख 47 हजार 932 रुपए की कुल पारिवारिक संपत्ति के साथ सबसे अधिक संपत्ति घोषित करने वाली प्रत्याशी हैं। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी और पूर्व निवाई प्रधान अलका बैरवा 4 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपए तथा रेखा 3 करोड़ 15 लाख 38 हजार रुपए की संपत्ति के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
नामांकन पत्रों के साथ प्रस्तुत शपथ पत्रों के अनुसार, 11 प्रत्याशियों ने एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है। इनमें सुषमा, अलका बैरवा, रेखा, मीनाक्षी, कैलाश देवी, माया देवी, रचना, प्रसन्ना देवी, जगदीश वर्मा, कन्हैया और मदन शामिल हैं।
मीनाक्षी ने 2 करोड़ 51 लाख 17 हजार 500 रुपए, कैलाश देवी ने 1 करोड़ 93 लाख रुपए, माया देवी ने 1 करोड़ 89 लाख 52 हजार 843 रुपए तथा रचना ने 1 करोड़ 81 लाख 32 हजार रुपए की संपत्ति दर्शाई है। इसी तरह प्रसन्ना देवी ने 1 करोड़ 70 लाख, जगदीश वर्मा ने 1 करोड़ 21 लाख 5 हजार, कन्हैया ने 1 करोड़ 9 लाख 22 हजार और मदन ने 1 करोड़ 8 लाख रुपए की संपत्ति घोषित की है।
कई प्रत्याशी ऐसे भी हैं, जिन्होंने 10 लाख से 50 लाख रुपए के बीच अपनी संपत्ति बताई है। वहीं, कुछ उम्मीदवारों की घोषित संपत्ति इससे भी कम है। तीन पृष्ठों के विवरण में चंद्रा किरण की संपत्ति सबसे कम 90 हजार रुपए दर्ज है। जिला परिषद चुनाव के 74 प्रत्याशियों के शपथ पत्रों में सुषमा की 7 करोड़ रुपए से अधिक की पारिवारिक संपत्ति और चंद्रा किरण की 90 हजार रुपए की घोषित संपत्ति के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।
बुद्धिप्रकाश डाबीकीया ने 92 लाख 75 हजार रुपए, रोदूलाल ने 87 लाख 60 हजार रुपए, दिलबर मीणा ने 85 लाख 90 हजार रुपए, प्रकाश देवी ने 74 लाख 14 हजार 358 रुपए और मीरा देवी ने 72 लाख 65 हजार रुपए की संपत्ति दर्शाई है। सीमा ने 67 लाख 50 हजार, राजेंद्र चौधरी ने 67 लाख 45 हजार, चुन्नी लाल ने 65 लाख 32 हजार, विशाल मीणा ने 63 लाख और कैलाशी देवी ने 61 लाख 90 हजार रुपए की संपत्ति घोषित की है।
Updated on:
4 Nov 2026, 2:38 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.