जयपुर

Rajasthan Panchayat Election Result Analysis: भाजपा को क्यों लगा झटका? कांग्रेस की जीत के पीछे 3 वजह; नतीजों के ये होंगे 3 बड़े असर

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर किया है। 37 जिलों में आए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणामों में विपक्ष को संजीवनी मिली है।
3 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:00 AM IST
Panchayat Election Result Analysis
जीत के बाद जश्न मनाते कांग्रेस नेता व इनसेट में रिजल्ट देखते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष। फोटो: पत्रिका

जयपुर। विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर किया है। शुक्रवार को 37 जिलों में आए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणामों में विपक्ष को संजीवनी मिली है। कांग्रेस ने न केवल अपना जनाधार बढ़ाया, बल्कि पंचायत समितियों में भी भाजपा से आगे निकल गई। पार्टियों के दावों के अनुसार, 24 में कांग्रेस को बहुमत मिला है तो भाजपा 5 जिलों में बहुमत में है। 1 जिले में रालोपा को बहुमत मिला है। 7 जिलों में बिना जोड़तोड़ सत्ता संभव नहीं है। पंचायत समितियों में भी कांग्रेस करीब 269 जगह प्रधान बनाने की स्थिति में है, जबकि भाजपा का आंकड़ा 73 के आसपास सिमटता दिख रहा है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने 37 जिला परिषदों के 1275 और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के परिणाम घोषित किए। चुनाव में कुल 29,177 उम्मीदवार मैदान में थे और 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 मत डाले गए। देर शाम तक कुछ वार्डों के परिणाम आना शेष थे। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख के 26 नवंबर को होंगे। प्रधान के चुनाव 27 नवंबर तथा उप प्रधान के 28 नवंबर को होंगे।

रालोपा-बीएपी ने तीसरी ताकत के रूप में दिखाई मौजूदगी

हनुमान बेनीवाल की रालोपा ने नागौर और आसपास के क्षेत्रों से आगे बढ़कर जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति और जयपुर जिला परिषद मे भी उपस्थिति दर्ज कराई। पार्टी ने जिला परिषद में 37 और पंचायत समिति में 496 वार्ड जीते। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सांसद राजकुमार रोत की बीएपी ने जिला परिषद में 22 और पंचायत समिति में 276 वार्डों में जीत दर्ज की। प्रारंभिक आंकड़ों में बीएपी की पंचायत समिति जीत करीब 297 बताई गई थी। अंतिम आंकड़ों का मिलान होना शेष है।

क्यों हारी भाजपा?

विधायकों के प्रति नाराजगीः कई क्षेत्रों में विधायकों के प्रति जनता की नाराजगी का असर प्रदर्शन पर पड़ा। स्थानीय स्तर पर असंतोष उभरा।
परिवारवाद का मुद्दाः भाजपा कई क्षेत्रों में सही आकलन नहीं कर पाई। परिवारवाद का विरोध करने वाली भाजपा में नेताओं के रिश्तेदारों को ज्यादा टिकट दिए जाने से रोष बना।
राजनीतिक नियुक्तियों में देरीः लंबे समय से राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार भाजपा नेताओं और कर रहे कार्यकर्ताओं में निराशा रही।

कांग्रेस को इसलिए मिली जीत

बूथ मजबूतः पंचायत चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर काम किया। मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया।
एकजुटता और मॉनिटरिंगः चुनाव में कांग्रेस नेताओं ने आपसी मतभेदों को किनारे रखकर एकजुटता दिखाई। प्रदेश नेतृत्व ने लगातार चुनावी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की।
युवा चेहरों को मौकाः कांग्रेस ने टिकट वितरण में युवाओं को प्राथमिकता दी और स्थानीय स्तर पर सहमति बनाकर प्रत्याशियों का चयन किया।

नतीजों के 3 बड़े असर

1. 2028 की तैयारी को मिलेगी गति: कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में मिले समर्थन को विधानसभा चुनाव तक बनाए रखने की रणनीति पर काम करेगी। डोटासरा और जूली के नेतृत्व को भी मजबूती मिलेगी।
2. असंतोष और टिकट वितरण पर मंथन: भाजपा में हार के कारणों की समीक्षा होगी। विधायकों के प्रति नाराजगी, टिकट वितरण में असंतोष, जातीय समीकरण और कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता जैसे मुद्दे चर्चा में रहेंगे।
3. सरकार पर सक्रियता बढ़ाने का दबाव रहेगा: चुनाव के नतीजों से सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, किसान, युवा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रियता बढ़ाने का दबाव रहेगा।

सीएमआर में हार के कारणों पर मंथन

पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद मुख्यमंत्री आवास पर देर रात तक भाजपा के बड़े नेताओं की आवाजाही रही। संभाग प्रभारियों के अलावा कई वरिष्ठ नेता भी पहुंचे। यहा चुनाव परिणामों की समीक्षा के साथ हार के कारणों पर मंथन किया गया। साथ ही आगामी जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। जहां भाजपा बहुमत के आसपास है, वहां बोर्ड गठन के समीकरण साधने और जीते प्रत्याशियों को एकजुट रखने पर मंथन किया गया।