जयपुर

मोबाइल रखते हैं तो न करें ये 15 काम, वरना खतरे में पड़ सकता है आपका डेटा और पैसा

Cyber Safety : राजस्थान पुलिस के साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं विभाग ने मोबाइल यूजर्स के लिए 15 जरूरी सावधानियां बताई हैं।
2 min read
Sep 18, 2026
cyber crime
cyber crime

Cyber Safety Advisory By Police: मोबाइल आज हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है, लेकिन जरा सी लापरवाही साइबर अपराधियों को आपके फोन और निजी डेटा तक पहुंच दे सकती है। इसी को लेकर राजस्थान पुलिस के साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं विभाग ने मोबाइल यूजर्स के लिए 15 जरूरी सावधानियां बताई हैं। पुलिस की सलाह है कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर मोबाइल को साइबर अपराधियों के निशाने से बचाया जा सकता है।


राजस्थान पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक मोबाइल में ऐप केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक स्टोर से ही डाउनलोड करें। अज्ञात स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें और Google Play Protect को हमेशा चालू रखें। किसी भी ऐप को Location, Contacts, SMS या Camera जैसी परमिशन देने से पहले यह जरूर देखें कि उसकी वास्तव में जरूरत है या नहीं।


पुलिस ने मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स को हमेशा अपडेट रखने की सलाह दी है। अनजान ईमेल, मैसेज या ऑफर में आए संदिग्ध लिंक और फाइलों पर क्लिक नहीं करें। जिन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें मोबाइल से हटा दें और ऑटोमैटिक अपडेट चालू रखें।
फोन की सुरक्षा के लिए मजबूत PIN, पासवर्ड या बायोमेट्रिक लॉक का इस्तेमाल करें और जहां संभव हो, टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें। Find My Device जैसी सुविधा ऑन रखने से फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में उसे लॉक और ट्रैक करने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने USB Debugging को बंद रखने की भी सलाह दी है।


सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। रेलवे स्टेशन, कैफे या अन्य सार्वजनिक स्थानों के खुले Wi-Fi नेटवर्क पर बैंकिंग जैसे संवेदनशील काम करने से बचें। जरूरी डेटा का सुरक्षित बैकअप भी रखें। राजस्थान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि या मैलवेयर की जांच के लिए eScan Bot Removal Tool और मोबाइल सुरक्षा के लिए M-Kavach 2 जैसे सुरक्षा विकल्पों के इस्तेमाल की भी सलाह दी है।



यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो पुलिस ने तुरंत 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। राजस्थान पुलिस का संदेश है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जागरूक नागरिक बनकर सुरक्षित डिजिटल राजस्थान बनाने में सहयोग करें।

Updated on:
18 Sept 2026 12:47 pm
Published on:
18 Sept 2026 12:47 pm