जयपुर

राजस्थान में कांवड़ यात्रियों के लिए पुलिस की ‘हिदायत’, जानें सड़क पर चलने से लेकर विश्राम करने तक की गाइडलाइंस

Kanwar Yatra Road Safety Rules : कांवड़ियों के लिए राजस्थान पुलिस ने जारी की सख्त हिदायत। भक्ति के साथ सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़क पर चलने व विश्राम के नियम तय। पढ़ें पुलिस की पूरी अपील।
2 min read
• •
Updated: 8 Aug 2026, 2:18 PM IST
rajasthan police guidelines kanwar yatra road safety rules jaipur
Rajasthan Police Guidelines Kanwar Yatra Road Safety

सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा और धार्मिक पैदल यात्राओं को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए राजस्थान पुलिस ने कांवड़ियों एवं पैदल यात्रियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश और 'सख्त हिदायत' जारी की है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि आस्था और भक्ति के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।

जयपुर के परकोटे से गुजरती कांवड़ यात्रा -file photo

'भक्ति की राह पर, सुरक्षा जरूरी'

राजस्थान पुलिस ने सोशल मीडिया और विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए श्रद्धालुओं से अपील करते हुए निम्नलिखित गाइडलाइंस का पालन करने का अनुरोध किया है-

सही दिशा चुनें : सड़क पर चलते समय हमेशा दाहिनी (Right Side) तरफ ही चलें। इससे सामने से आ रहे वाहनों पर आपकी सीधी नजर रहेगी और आप समय रहते सतर्क होकर किसी भी हादसे से बच सकेंगे।

सड़क पर न करें विश्राम: कांवड़िए या पैदल यात्री जब भी विश्राम करें, तो सड़क पर या सड़क के बिल्कुल किनारे रुकने के बजाय सड़क से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर ही आराम करें।

अनावश्यक रास्ता अवरुद्ध न करें: यात्रा के दौरान या विश्राम करते समय मुख्य सड़क पर किसी प्रकार का अवरोध न पैदा करें, ताकि सामान्य यातायात बाधित न हो।

यातायात नियमों का पालन: यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें और कांवड़ तथा पैदल यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाएं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालांकि, यात्रा को दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए यात्रियों का खुद सतर्क रहना और यातायात नियमों को अपनाना सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस ने सभी कांवड़ संघों और आयोजकों से भी इन हिदायतों का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया है।

Updated on:
8 Aug 2026, 2:18 PM IST
Published on:
Also Read
View All