Terrorists in Rajasthan: जानकारी मिली की आतंकी दो की संख्या में हैं और राजधानी जयपुर में छिपे हैं।
जयपुर।
राजस्थान में आतंकियों के छुपे होने के मिले इनपुट ने प्रदेश पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अचानक से हरकत में ला दिया। जानकारी मिली की आतंकी दो की संख्या में हैं और राजधानी जयपुर में छिपे हैं। खबर ये भी मिली कि शहर में घुसे आतंकी यहां से गुज़र रहे तेल लाइनों पर हमले कर सकते हैं।
इस खुफिया सूचना के आधार पर देखते ही देखते पुलिस के आला अफसर अलर्ट हो गए और सम्बंधित थाना पुलिस को इस बाबत व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए।
पिछले महीने ही पकड़ा गया है पाक नागरिक
दरअसल, पिछले महीने ही जैसलमेर से एक पाकिस्तानी संदिग्ध नागरिक को एयरबेस में घुसपैठ करते पकड़ा गया था, इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं थीं। पकड़े गए पाकिस्तानी हिंदू नागरिक का नाम पुरखाराम भील था, जिससे बाद में भारतीय सुरक्षा एजेन्सियां पूछताछ की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपित वायुसेना परिसर में घुसने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान वह सुरक्षाकर्मियों की नजरों में आ गया और उन्होंने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से श्रीगंगानगर में बना आधार कार्ड भी मिला था। आरोपित के पास पाकिस्तान का पासपोर्ट मिला था।
राजस्थान में लगातार हो रहा घुसपैठ
गौरतलब है कि हाल ही पाकिस्तानी हसन खान दक्षिणी सीमा की तारबंदी कूदकर राजस्थान आया था। कुछ माह पहले तीन युवक पाकिस्तान से जैसलमेर में उत्तरी सीमा की तारबंदी कूदकर आ गए थे। गांव वालों को संदेह होने पर तीनों को पकड़ लिया गया था।
आतंकी पठानकोट एयरबेस पर हमला कर चुके हैं। सुरक्षा एजेन्सियों की माने तो सीमा क्षेत्र के नजदीक एयरफोर्स स्टेशन पर भी आतंकियों की हमेशा नजर रहती है।
खुलासा किया था 5 हजार रुपए में पाकिस्तान सीमा से भारत आएं
कुछ माह पहले पकड़ में आए पाकिस्तानी नागरिक हसन खान ने पूछताछ में बताया था कि पाकिस्तान से भारत में घुसपैठ कराने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं। एेसे ही एक गिरोह को उसने पांच हजार रुपए भारत की सीमा में प्रवेश कराने के लिए दिए थे। गिरोह का सदस्य पाकिस्तान से लगती जैसलमेर की दक्षिणी सीमा तक ले आया। तारबंदी तक पहुंचने के बाद उसने भारत में प्रवेश करने का तरीका और आगे का मार्ग बताया और वह व्यक्ति वहां से लौट गया था।
... इधर कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़
उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों के मौजूद होने की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुबह जिले के पल्हालन क्षेत्र में सुरक्षा बलों तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा बलों की ओर से इलाके की घेराबंदी करने के दौरान आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलायी।
सूत्रों के अनुसार इलाके में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है। इस बीच अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है ताकि यहां किसी प्रकार के प्रदर्शन को रोका जा सके।
दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के पंगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर पर कल रात आतंकवादियों ने हमला करने का प्रयास किया था। इस दौरान सुरक्षा बलों तथा आतंकवादियों के बीच मामूली गोलीबारी हुई। हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।