
13000 पदों पर भर्ती की तैयारी में विभाग, आप भी हो जाएं तैयार
जयपुर
राजस्थान पुलिस जल्द ही कांस्टेबल के तेरह हजार से भी ज्यादा पदों पर भर्ती की तैयारी में है। सब कुछ सही रहा तो आने वाले आठ से दस दिन में इसका विज्ञापन भी जारी कर दिया जाएगा और तीन महीने के भीतर ही भर्ती भी पूरी कर ली जाएगी। ऑन लाइन भर्ती से चोट खाकर इस बार अब ऑफ लाइन भर्ती की जाएगी और बड़ी बात यह है कि एक साथ एक बार में ही सभी पदों के लिए परीक्षा कराने की प्लानिंग की जा रही है। इसके लिए परीक्षा आयोजित कराने वाली सरकारी और निजी एजेंसियों से फिलहाल बातचीत चल रही है। भर्ती 13771 पदों पर होनी है। इनमें 8412 वर्तमान पद और ५३५९ पूर्व में निकाले गए पद हैं।
तेरह हजार से ज्यादा पदों पर होगी ऑफलाइन भर्ती, देरी से परेशान अभ्यर्थी
भर्ती को इस बार ऑफ लाइन कराया जाएगा। पिछली बार निरस्त हुई ऑन लाइन भर्ती में सोलह लाख से भी ज्यादा आवेदक शामिल हुए थे। करीब चार लाख परीक्षाओं में भी बैठे लेकिन उसके बाद बाद नकल का एेसा मामला खुला कि आखिर भर्ती को ही निरस्त करना पडा। बताया जा रहा है कि जो निजी एजेंसी यह भर्ती करा रही थी उस एजेंसी ने पुलिस विभाग के अफसरों ने सोलह लाख अभ्यर्थियों का डेटा ले लिया है।
तीस लाख से ज्यादा हो सकते हैं शामिल
भर्ती से जुड़े अफसरों का कहना है कि भर्ती पद ज्यादा होने के चलते इस बार भर्ती में करीब तीस लाख आवेदक शामिल हो सकते हैं। यह संख्या उन सोलह लाख आवेदकों को मिलाकर है जो पहले भर्ती प्रकिया में शामिल हो चुके हैं। अफसरों का कहना है कि जो सोलह लाख आवेदक पहले भर्ती प्रकिया में शामिल हो चुके हैं। उनको भी नए सिरे से भर्ती प्रकिया में शामिल किया जाएगा। हांलाकि उनसे आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। भर्ती में आयु में भी तीन से चार साल की नियमानुसार छूट देने की तैयारी है।