जयपुर

राजस्थान पुलिस के जवानों ने होली का किया बहिष्कार, कई जिलों में पुलिस लाइन रही सूनी; जानें क्या है वजह?

Rajasthan Police Holi 2025: प्रदेश के कई जिलों में राजस्थान पुलिस के जवानों ने इस बार होली के जश्न से दूरी बना ली। हालांकि कुछ जिलों में पुलिसकर्मी होली खेलते हुए भी नजर आ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 15 Mar 2025, 10:58 AM IST
Rajasthan policemen boycotted Holi
फोटो स्रोत- सोशल मीडिया

Rajasthan Police Holi 2025: प्रदेश के कई जिलों में राजस्थान पुलिस के जवानों ने इस बार होली के जश्न से दूरी बना ली। वेतन विसंगति और प्रमोशन को लेकर सरकार की अनदेखी से नाराज पुलिसकर्मियों ने त्योहार का बहिष्कार कर दिया। हर साल पुलिस लाइन और थानों में जहां रंग-गुलाल उड़ते थे और डांस-गीतों का माहौल होता था, इस बार वहां सन्नाटा पसरा हैं। हालांकि कुछ जिलों में पुलिसकर्मी होली खेलते हुए भी नजर आए।

दरअसल, राजधानी जयपुर सहित उदयपुर, अजमेर, हनुमानगढ़ और राजसमंद में पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से होली नहीं खेली। पुलिस लाइन के गार्डन में जहां हर साल सिपाही से लेकर एसपी और आईजी तक रंगों में सराबोर नजर आते थे, वहां इस बार गुलाल के पैकेट और साउंड सिस्टम भी बिना उपयोग के रह गए।

कुछ जिलों में जश्न, कहीं बहिष्कार

बता दें, कुछ जिलों में पुलिसकर्मियों ने पारंपरिक तरीके से होली खेली है। करौली और भरतपुर में एसपी और पुलिसकर्मी रंगों में डूबे नजर आए। लेकिन कई जिलों में नाराज पुलिसकर्मियों ने होली का बहिष्कार किया। हालांकि बहिष्कार का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं था, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने इसका आह्वान किया था। कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों ने मैसेज शेयर कर बहिष्कार का समर्थन करने की अपील की।

क्या हैं पुलिसकर्मियों की मांगें?

जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मियों की मुख्य मांग प्रमोशन और वेतन विसंगति को लेकर है। वे चाहते हैं कि अन्य विभागों की तरह राजस्थान पुलिस में भी समय पर DPC से प्रमोशन हो। बता दें, कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल से एएसआई, एएसआई से एसआई और एसआई से सीआई बनने के लिए विभागीय प्रमोशन (DPC) समय पर हो।

वहीं, एक अन्य मांग है कि दूसरे विभागों की तुलना में पुलिसकर्मियों का वेतनमान कम है। पटवारी और कनिष्ठ लिपिक को प्रमोशन के साथ बेहतर ग्रेड पे मिलती है, जबकि पुलिसकर्मियों को उतनी वृद्धि नहीं मिलती। इसके अलावा पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर रहते हैं, त्योहारों पर भी काम करते हैं, लेकिन उनकी वेतन संरचना और प्रमोशन सिस्टम अन्य विभागों की तुलना में कमजोर है।

लंबे समय से हो रही है ये मांग

गौरतलब है कि राजस्थान में पुलिसकर्मी लंबे समय से प्रमोशन और वेतन विसंगति की मांग कर रहे हैं। इस बार के विधानसभा के बजट सत्र में भी यह मामला उठा था, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। यही वजह है कि इस बार पुलिसकर्मियों ने होली का बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।

Updated on:
15 Mar 2025, 10:58 AM IST
Published on: