
सुनील सिंह सिसोदिया/जयपुर। पंचायत चुनाव की मतगणना से पहले ही कांग्रेस में जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों को लेकर नेताओं ने जोड़तोड़ तेज कर दी है। विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और जिलाध्यक्षों ने अपने परिजन को चुनाव मैदान में उतारकर इन पदों पर दावेदारी की बिसात बिछाई है। शुक्रवार को मतगणना के बाद बोर्ड गठन के समीकरण सामने आएंगे, लेकिन इससे पहले ही 14 से अधिक जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी पर अपने परिजन को बैठाने के लिए नेता सर्वसम्मति बनाने और प्रदेश स्तर पर समर्थन जुटाने में जुटे हैं। वहीं, सभी 41 जिलों में किसी न किसी पंचायत समिति में प्रधान की कुर्सी पर भी नेताओं की नजर है।
एक दिन पहले जयपुर में हुई बैठक के बाद कई नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात कर दावेदारी पर चर्चा की। अब नेताओं की नजर जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी के साथ निर्वाचित सदस्यों को अपने पक्ष में बनाए रखने पर भी है। इसके लिए सदस्यों के सेवा-सत्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार से ज्यादा खर्च कुर्सी हासिल करने और सदस्यों को साथ रखने पर होने की संभावना है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार जिला प्रमुख और प्रधान के चयन में निर्वाचित सदस्यों की भूमिका अहम होती है। समर्थन जुटाने के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर अलग-अलग सेवा-सत्कार की तैयारी की जाती है, जो सामान्य सीटों पर ज्यादा देखने को मिलती है।