जयपुर

राजस्थान में प्रधान की कुर्सी पर परिवारवाद का दबदबा, कहीं बेटी तो कहीं बहू ने संभाली कमान; जानें कौन-कहां से जीता

Rajasthan Pradhan Election Result 2026: पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में राजनीतिक परिवारों की अगली पीढ़ी और रिश्तेदारों का दबदबा खूब देखने को मिला। कहीं सांसद की जेठानी निर्विरोध प्रधान बनीं तो कहीं मंत्री और विधायकों की बेटियों ने प्रधान की कुर्सी संभाली।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 8:16 AM IST
Political Families in Rajasthan
राजस्थान में प्रधान की कुर्सी पर सियासी घरानों का कब्जा। फोटो: पत्रिका

जयपुर। पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में राजनीतिक परिवारों की अगली पीढ़ी और रिश्तेदारों का दबदबा खूब देखने को मिला। कहीं सांसद की जेठानी निर्विरोध प्रधान बनीं तो कहीं मंत्री और विधायकों की बेटियों ने प्रधान की कुर्सी संभाली। पूर्व केंद्रीय मंत्री की पुत्रवधू और जिला प्रमुख की पुत्रवधू भी चुनाव जीतकर प्रधान बनीं। कुचामन में तो महज नौ सदस्यों वाली भाजपा ने 15 वोट जुटाकर बहुमत का गणित ही पलट दिया।

Priya Jatav

सांसद की जेठानी निर्विरोध प्रधान

अलवर की खेरली-सौंखर पंचायत समिति में कांग्रेस की प्रिया जाटव निर्विरोध प्रधान चुनी गईं। वे भरतपुर सांसद संजना जाटव की जेठानी हैं। संजना उनकी देवरानी हैं। उनकी दूसरी देवरानी ज्योति जाटव भी पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई हैं।

Meenakshi Singh

पूर्व केंद्रीय मंत्री की पुत्रवधू बनी प्रधान

सीकर की खंडेला पंचायत समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पुत्रवधू मीनाक्षी सिंह ने 22 वोट हासिल कर प्रधान पद जीता। उन्होंने भाजपा की अर्चना को हराया। उनकी सास पार्वती देवी और पति गिर्राज सिंह भी यहां प्रधान रह चुके हैं।

Mayank Tilkar

पूर्व मंत्री अशोक बैरवा का बेटा बना प्रधान

सवाई माधोपुर की खंडार पंचायत समिति में कांग्रेस के मयंक तिलकर 16 मत लेकर प्रधान बने। भाजपा की मौसमी देवी को सात वोट मिले। मयंक पूर्व मंत्री अशोक बैरवा के बेटे और जिला प्रमुख आशा बैरवा के पुत्र हैं।

Sonia Jayant

पूर्व सांसद बद्रीराम की पौत्री दोबारा जीतीं

कांग्रेस की सोनिया जयंत पीपाड़ शहर पंचायत समिति की प्रधान निर्वाचित हुई। वे निवर्तमान प्रधान हैं और दूसरी बार चुनी गई हैं। वे जिला प्रमुख प्रमिला चौधरी की पुत्रवधू और पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की पौत्री हैं।

Geeta Devi

पति दूसरी बार सरपंच, पत्नी बनी पहली प्रधान

बीकानेर की नवगठित जसरासर पंचायत समिति में कांग्रेस की गीता देवी पहली महिला प्रधान बनीं। वे सरपंच रह चुकी हैं। उनके पति रामनिवास तर्ड लगातार दूसरी बार सरपंच निर्वाचित हुए हैं। वे नोखा कांग्रेस देहात अध्यक्ष भी हैं।

Savita Singh

विधायक की बेटी को मिली जिम्मेदारी

झुंझुनूं की सूरजगढ़ पंचायत समिति में विधायक श्रवण कुमार की पुत्री सविता सिंह प्रधान निर्वाचित हुईं। वे वार्ड दो से पंचायत समिति सदस्य चुनी गई थीं। उनके प्रधान बनने के साथ ही परिवार का राजनीतिक दबदबा और मजबूत हुआ है।

Savita Chaudhary

मंत्री की बेटी लगातार दूसरी बार बनीं प्रधान

कुचामन पंचायत समिति में राज्य मंत्री एवं विधायक विजय सिंह चौधरी की 28 वर्षीय बेटी सविता चौधरी लगातार दूसरी बार प्रधान बनीं। भाजपा के नौ सदस्य होने के बावजूद उन्हें 15 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस के देवीलाल मुवाल को तीन मतों से हराया।

पूर्व विधायक के रिश्तेदार को हार

टपूकड़ा पंचायत समिति के पहले प्रधान कांग्रेस के इस्माइल खान बने। उन्होंने भाजपा के हेमंत यादव को हराया। हेमंत पूर्व विधायक मामन सिंह यादव के छोटे भाई के दामाद हैं। बसपा के एक व 5 निर्दलीय की भूमिका अहम रही।