जयपुर

प्रदेश में मेघ मेहरबान, राजधानी में आज बारिश का इंतजार

जोधपुर में बूंदाबांदी, भीलवाड़ा, बूंदी में बारिश का दौर
3 min read
Aug 21, 2018
Jaipur
प्रदेश में मेघ मेहरबान, राजधानी में आज बारिश का इंतजार

राजधानी जयपुर में सवेरे से ही छाए हुए हैं बादल
भरतपुर, करौली, टोंक में भी मूसलाधार पानी पड़ा


जयपुर। बीते तीन—चार दिनों से प्रदेश में इंद्र देव मेहरबान हैं। कमोबेश प्रदेश के हर जिले में बारिश हो रही है। इस बारिश से जहां फसलों को संजीवनी मिल रही है और किसानों के चेहरे खुश हैं तो वहीं आमजन को भी गर्मी व उमस से राहत मिली है। आज भी प्रदेश के जोधपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, कोटा, करौली और भरतपुर में अच्छी बारिश हुई। राजधानी जयपुर में आज सवेरे से ही बादल छाए हुए हैं और बारिश का इंतजार है।
जोधपुर में बारिश
जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को बादलों का मौसम बना रहा। जोधपुर में सुबह कई स्थानों पर छींटे गिरे। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के धीमा पड़ने की वजह से थार के इलाकों में फिलहाल अच्छी बरसात की संभावना नहीं है। सूर्य नगरी में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहा सुबह से ही आसमान में बादलों की घनी आवाजाही शुरू हो गई बादलों की वजह से एकबारगी अंधेरा हो गया और कुछ ही देर में धीरे-धीरे बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद काली बादल छंट गए लेकिन दिनभर बादलों का आवरण बना रहा। दोपहर में तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस के पास रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी बादलों का मौसम बना रहा। जैसलमेर और बाड़मेर में भी बादलों की वजह से हुई अत्यधिक उमस ने क्षेत्रवासियों को परेशान किया रखा।
पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार
सावन में लंबे इंतजार के बाद मानसून प्रदेशभर में एक बार फिर मेहरबान हुआ है। बीते तीन दिनों से पूरब के कई जिलों में बारिश की झड़ी लगी हुई है जिससे कई बड़े-छोटे बांधों में पानी की आवक शुरू हो गई। बीते सोमवार को टोंक, भरतपुर,करौली में मूसलाधार बारिश हुई है। टोंक के ठीकरिया कस्बे में सर्वाधिक आठ इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। जिले कई इलाकों में ढाई से तीन घंटे लगातार मूसलादार बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी इलाकों में बने निम्न वायुदाब क्षेत्र के असर से प्रदेश के पूर्वी जिलों में मानसूनी हलचल तेज हो गई है जिससे अगले तीन चार दिन पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही बने रहने व कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अब भी मानसून सक्रिय होने का इंतजार है। बीते चौबीस घंटे में टोंक के ठीकरिया में 200,गलवा टैंक 117,अलीगढ़ 88, टोंक 82, पीपलु 72,देवली 62, बीसलपुर डेम 47, भरतपुर के रूपवास में 115, कोटा के चेचट में 148, करौली 81, सवाई माधोपुर 62,उदयपुर के भिंडर में 66 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बीसलपुर बांध में बीते चौबीस घंटे में जलस्तर सात सेंटीमीटर बढ़कर 309.17 आरएल मीटर दर्ज किया गया। टोंक जिले में हुई मूसलाधार बारिश के कारण बांध में पानी की आवक एकाएक बढ़ गई है हालांकि अब भी त्रिवेणी में पानी का बहाव कम बना रहा है, लेकिन बीते चौबीस घंटे में बांध में हुई पानी की आवक से जयपुर शहर को अगले सप्ताहभर लायक जलापूर्ति जितना पानी उपलब्ध हो गया है।

राजधानी में बीती रात हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि बादलों की आवाजाही बीते चौबीस घंटे से बनी हुई है और आज सुबह भी शहर में छाई घनघोर घटाओं से बारिश होने की उम्मीद दिन बीतने के साथ ही कमजोर होती नजर आई। सुबह दस बजे तक ही बादल छंटने के साथ ही धूप की आंखमिचौनी दिखाई दी। हालांकि बीती रात के तापमान में हुई आंशिक गिरावट के कारण रात व आज सुबह मौसम में ठंडक महसूस हुई और शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शहर में आज सुबह दस बजे अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। स्थानीय मौसम केंद्र ने आज शहर में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने की संभावना जताई है।

भीलवाडा में मूसलाधार बारिश का दौर
भीलवाड में मूसलाधार बारिश का दौर जारी अमरगढ़ कस्बे सहित क्षेत्र के भगुनगर, मनोहरपुरा, खजुरी, बाकरा, काबरीमें मंगलवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। इस बारिश से आम लोगों के साथ—साथ किसानों के चेहरों पर भी खुशी है।

Published on:
21 Aug 2018 01:35 pm