
—सरकार ने नहीं मानी मांग तो 27 अक्टूबर को चक्काजाम
जयपुर
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के छह श्रमिक संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को अर्धनग्न प्रदर्शन किया। सिंधी कैंप बसअडडे पर करीब एक घंटे तक हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध किया। विरोध प्रदर्शन में एटक, इंटक, बीजेएमएम, कल्याण समिति सहित संयुक्त मोर्च सभी घटक संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
संयुक्त मोर्चा संयोजक एमएल यादव ने बताया कि सेवानिवृत कर्मचारियों को अभी तक सेवा से निवृत होने का परिलाभ नहीं मिला है। ऐसे एक दो नहीं बल्कि पांच हजार कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की मांग है सभी को जून और जुलाई 2021 का वेतन, दो माह का सेवानिवृति परिलाभ तत्काल प्रभाव से किया जाए।
यादव ने कहा कि अगर हमारी बातें नहीं मानी जाती है कि तो हम 11 मांगों को लेकर अगले तीन माह तक लगातार प्रदर्शन करेंगे। 27 अक्टूबर 2021 को 24 घंटे का चक्काजाम कर दिया जाएगा। इस प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को रोडवेज की वित्तीय सलाहकार वीना गुप्ता ने मोर्चे के सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की। दो माह का बकाया वेतन, पेंशन का भुगतान सोमवार तक और एक माह के परिलाभ का भुगतान दस दिन में करने की बात कही है।
ये है संयुक्त मोर्चा की मुख्य मांग
1 वेतन और पेंशन का पहले कार्यदिवस को भुगतान
2 जुलाई 2021 से महंगाई भत्ता में बढोतरी
3 सातवें वेतन आयोग के अनुसार पेंशन और वेतन
4 पांच साल में सेवानिवृत कर्मचारियों के परिलाभ का एकमुश्त भुगतान
5 1500 नई बसों की खरीददारी
6 रोडवेज के 9 हजार पदों पर भर्ती
7 रोडवेज बस स्टैंड के 2 किलोमीटर के बाद निजी बसों का संचालन