
जयपुर. राजस्थान क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया है। जहां कभी प्रदेश के एक खिलाड़ी को टीम इंडिया से खेलते हुए देखने का सपना राजस्थान के क्रिकेट प्रशंसक देखते है, वहां अब एकसाथ दो क्रिकेटर भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। जी, हां राजस्थान के तेज गेंदबाज खलील अहमद और दीपक चाहर को संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एशिया कप के सुपर-4 राउंड के मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। खलील एशिया कप के पहले ही मैच में हांगकांग के खिलाफ वनडे पदार्पण कर चुके हैं और अब दीपक चाहर को यह मौका मिल गया है। चाहर इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं।
पहले मैच में छाए खलील
हांगकांग के खिलाफ करियर का पहला वनडे मैच ख्ेालते हुए टोंक के खलील अहमद ने तीन विकेट चटकाए थे। उनकी गेंदबाजी की तारीफ चारों ओर हुई थी और अब दीपक चाहर भी अपने छाप छोडऩे को तैयार हैं। इस मैच में महेन्द्र सिंह धोनी टीम की कमान संभाल रहे हैं। कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शिखर धवन को इस मैच से आराम दिया गया है। भारतीय क्रिकेट में 696 दिन बाद यह मौका आया है जब धोनी कप्तान के तौर पर इंटरनेशनल वनडे मैच में उतरे हैं। इतना ही नहीं कप्तान के तौर पर धोनी का यह 200वां वनडे मैच है।
धोनी के लिए खास मौका
महेन्द्र सिंह धोनी के लिए फिर से टीम इंडिया की कप्तानी करना बेहद खास मौका है। एशिया कप में टीम के कप्तान रोहित और उपकप्तान शिखर को आराम देने के बाद धोनी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही धोनी ने इतिहास रच दिया है। धोनी की कप्तानी में अब तक खेले 199 वनडे मैचों में टीम इंडिया ने 110 मैच जीते हैं, जबकि 74 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 4 मैच टाई रहे हैं, जबकि 11 में कोई नतीजा नहीं निकला। ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग के बाद धोनी विश्व के तीसरे क्रिकेटर हैं जिन्होंने अपने देश की 200 या उससे अधिक वनडे मैचों में कप्तानी की है। 29 अक्टूबर, 2016 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम बार वनडे मैच में धोनी ने टीम इंडिया की कप्तानी की थी और अब उन्हें फिर से यह मौका मिला है।
ये है अंतिम एकादश
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में महेन्द्र सिंह धोनी (कप्तान) के अलावा लोकेश राहुल, अम्बाती रायडु, दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे, केदार जाधव, रविन्द्र जडेजा, दीपक चाहर, सिद्धार्थ कौल, कुलदीप यादव और खलील अहमद को भारत की अंतिम एकादश में शािमल किया गया है।