
Rajasthan Rain Update : राजस्थान में मानसून की बारिश में बीते कुछ दशकों से इजाफा हो रहा है। पर इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। अब बारिश सामान्य तरीके से होने के बजाय कभी कम तो कभी बहुत ज्यादा होने की आशंका बढ़ रही है। एक बार फिर राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का दौर चलेगा। मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान में 7 से 10 अगस्त के बीच कई संभागों में अतिभारी बारिश होने की संभावना है। लेकिन 15 अगस्त से बारिश को लेकर नया बदलाव आएगा।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 7 अगस्त से 10 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं 7 से 9 अगस्त के दौरान कोटा, उदयपुर संभाग में एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 7 से 10 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। लेकिन मौसम विभाग के नए अपडेट के अनुसार 15 अगस्त से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है। ऊपरी परिसंचरण तंत्र आज भी उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भागों व आस-पास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है तथा आज मानसून ट्रफ लाइन फिरोजपुर, रोहतक, कानपुर से होकर गुजर रही है। उपरोक्त के असर से आज 6 अगस्त को भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश व कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में भी हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश 141 MM कुम्हेर, भरतपुर में दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई कही कही पर भारी, अति भारी वर्षा भी दर्ज के गई। राजस्थान में बीते सप्ताह के दौरान दीर्घावधि वर्षा के औसत से 26 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में वर्षा की स्थिति निम्न प्रकार है-
पिछले सप्ताह के दौरान वर्षा : 31 जुलाई- 06 अगस्त 2026
राज्य - वास्तविक वर्षा (MM) - सामान्य वर्षा (MM) - सामान्य से विचलन (फीसदी) राजस्थान - 28.1 - 37.8 - -26
पूर्वी राजस्थान - 38.9 - 53.3 - -27
पश्चिमी राजस्थान - 19.4 - 25.4 - -24 ।