जयपुर

रिश्वत कांड में राजस्थान सरकार का बड़ा एक्शन, राज्य बीज निगम निदेशक को पद से हटाया, घर से मिले थे 1.59 करोड़ रुपए

Rajasthan Seed Corporation: राजस्थान राज्य बीज निगम ने नकली बीज और कथित रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार जुगल किशोर विश्नोई को निदेशक पद से हटा दिया है।
2 min read
Jun 09, 2026
Rajasthan Seed Corporation
पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट से बाहर लाती एसीबी की टीम। फाइल फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में नकली बीज प्रकरण और कथित रिश्वतखोरी मामले को लेकर सियासत लगातार गर्माती जा रही है। इसी बीच राजस्थान राज्य बीज निगम लिमिटेड ने बड़ा निर्णय लेते हुए जुगल किशोर विश्नोई को निदेशक पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। निगम ने यह कदम भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के बाद उठाया है। राजस्थान राज्य बीज निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार हाल ही में एसीबी ने उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है। इसके बाद निगम प्रबंधन ने संस्था की साख, पारदर्शिता और जनविश्वास को बनाए रखने के लिए उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया।

यह वीडियो भी देखें

प्रबंध निदेशक ने मंगलवार को आदेश जारी किया

इस संबंध में राजस्थान स्टेट सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक श्वेता चौहान ने मंगलवार को आदेश जारी किया। निगम ने अपने बयान में कहा कि संस्था की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। प्रबंधन का मानना है कि सार्वजनिक संस्थाओं में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए उच्च नैतिक मानकों का पालन आवश्यक है। उधर, एसीबी की जांच में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

15 करोड़ रुपए का नकली बीज प्रकरण

आरोप है कि करीब 15 करोड़ रुपए के नकली बीज प्रकरण में कार्रवाई नहीं करने और मामले को प्रभावित करने के बदले रिश्वत ली गई। इसी मामले में एसीबी ने शनिवार को राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। सोमवार को एसीबी ने सभी आरोपियों को बीकानेर स्थित विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। जांच एजेंसी के अनुसार उसे सूचना मिली थी कि रिश्वत की राशि में से 90 लाख रुपए जुगल किशोर अपने भांजे स्वतंत्र विश्नोई के माध्यम से श्रीगंगानगर भिजवा रहा है।

भांजे के पास मिले लाखों रुपए

सूचना के आधार पर एसीबी टीम ने लूणकरणसर में एक बस को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भांजे स्वतंत्र विश्नोई के पास से 85 लाख रुपए नकद बरामद किए गए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद एसीबी ने जुगल किशोर के आवास पर भी कार्रवाई की, जहां से 1.59 करोड़ रुपए बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नकली बीज मामले में कार्रवाई को प्रभावित करने, प्रयोगशाला से नमूनों को पास करवाने और बीजों की बिक्री दोबारा शुरू कराने के लिए कई स्तरों पर संपर्क साधे गए थे।

Updated on:
09 Jun 2026 07:04 pm
Published on:
09 Jun 2026 07:04 pm