जयपुर

राजस्थान में आज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी, रहें सावधान

Rajasthan Weather Alert : राजस्थान में अगले सात दिन आंधी-बारिश का दौर और चलेगा। मौसम केन्द्र ने इसका अलर्ट जारी किया है। पश्विमी विक्षोभ सबसे अधिक असर सोमवार को होगा। 23 जिलों में इसका ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।

2 min read
May 04, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan Weather Alert : जयपुर। राजस्थान में अगले सात दिन आंधी-बारिश का दौर और चलेगा। मौसम केन्द्र ने इसका अलर्ट जारी किया है। पश्विमी विक्षोभ सबसे अधिक असर सोमवार को होगा। 23 जिलों में इसका ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।

मौसम केन्द्र के अनुसार अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटा से रफ्तार से आंधी चलेगी। इस दौरान बारिश भी होगी। केन्द्र के अनुसार पांच से आठ मई के दौरान भी दोपहर बाद शाम के समय अंधड़ का प्रभाव रहेगा।

ऐसे में दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट रहेगी। हीटवेव का असर नहीं रहेगा। इधर, रविवार को दिन का सबसे अधिक तापमान फलोदी में 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान फलोदी में ही 31.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम बदला, ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश

वहीं हनुमानगढ़ जिले रावतसर में रविवार शाम अचानक मौसम बदला, आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान हल्की ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक घुल गई। कई दिनों से पड़ रही गर्मी से परेशान क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां आमजन को सुकून दिया, वहीं किसानों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय धानमंडी में सरकारी खरीद प्रक्रिया धीमी होने के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं खुले में पड़ा है।

तूफान-बारिश से 450 ट्रांसफार्मर, 2400 पोल और 200 फीडर प्रभावित

शनिवार रात को आए तेज अंधड़ और बारिश से जयपुर विद्युत वितरण निगम के विभिन्न सर्किलों में विद्युत तंत्र को बड़ा नुकसान पहुंचा है। जयपुर जोन में करीब 450 ट्रांसफार्मर, 2400 पोल और करीब 200 फीडर क्षतिग्रस्त हुए। इनमें से 70 फीसदी ठीक करके विद्युत सप्लाई शुरू करने का दावा किया गय है।

डिस्कॉम अधिकारियों के मुताबिक सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में जयपुर के चौमूं, जोबनेर, दूदू, हाथोज, हरमाड़ा, जमवारामगढ़ और शहर के वैशाली नगर, मुरलीपुरा, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र, जगतपुरा और सीकर रोड की कॉलोनियां रहीं। जयपुर जिला उत्तर व दक्षिण सर्किल में 333 ट्रांसफार्मर और 1552 पोल क्षतिग्रस्त हुए। इनमें से रविवार शाम तक 239 ट्रांसफार्मर और 1295 पोल सही कर दिए गए।

11 केवी के 423 में से 396 और 33 केवी के सभी 12 फीडरों में आपूर्ति बहाल की गई। जयपुर जोन के दौसा, टोंक और कोटपूतली सर्किल भी प्रभावित रहे। अफसरों के मुताबिक जयपुर, भरतपुर और कोटा जोन के 2784 गांवों व कस्बों में से 2506 स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है। अभियंताओं और फॉल्ट रेक्टिफिकेशन टीम को सक्रिय रहने के लिए कहा गया है।

Also Read
View All