हिमालय तराई क्षेत्र से आ रही उत्तरी सर्द हवाओं ने गर्मी के बढ़ते असर पर ब्रेक लगा दिए हैं, IMD ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के उत्तरी भागों में बौछारें गिरने का जारी किया अलर्ट
जयपुर। हिमालय तराई क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर से आ रही सर्द हवाओं ने गर्म हो चले मौसम के मिजाज को बदल दिया है। फाल्गुन मास शुरू होने पर भी प्रदेश में सर्दी की रंगत अभी बरकरार है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के उत्तरी इलाकों में बादलवाही रहने और कहीं कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में अगले सप्ताह भी मौसम का मिजाज सर्द रहने की संभावना है।
विक्षोभ से बारिश के आसार
मौसम विज्ञानियों की मानें तो उत्तरी इलाकों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ अगले 48 घंटे में सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भागों में कहीं कहीं हल्की बौछारें गिरने पर दिन और रात के तापमान में एक दो डिग्री तक गिरावट होने व मौसम का मिजाज सर्द रहने की संभावना है। उत्तरी सर्द हवाएं चलने पर बीती रात प्रदेश के कई शहरों में पारा औसत से कम दर्ज किया गया।
कहां कितना रात का तापमान
प्रदेश में बीती रात भी कई शहरों में सर्दी के तेवर तीखे रहे। रात का तापमान सामान्य से भी कम रहने पर मौसम सर्द रहा। सीकर 6.7, फतेहपुर 6.3, करौली 6़.8, दौसा 7.54, संगरिया 6.5 और माउंटआबू में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। अजमेर 11.3, भीलवाड़ा 9.6, अलवर 9.8, जयपुर 12.8, पिलानी 8.3, कोटा 12.3, चित्तौड़गढ़ 10.0, डबोक 11.0, धौलपुर 11.8, अंता बारां 8.6, डूंगरपुरइ 13.7, सिरोही 9.3, प्रतापगढ़ 13.5, बाड़मेर 14.6, जैसलमेर 15.3, जोधपुर 12.3, फलोदी 18.2, बीकानेर 14.0, चूरू 8.5, श्रीगंगानगर 9.2 और जालोर में 10.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।