जयपुर

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 27 अगस्त से 2 सितंबर तक जानिए आपके शहर में बारिश होगी या धूप

राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं। हालांकि, झारखंड पर बने कम दबाव के क्षेत्र और ट्रफ लाइन के असर से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। बूंदी के तालेड़ा में सर्वाधिक 73 मिमी और अजमेर के भिनाय में 70 मिमी बारिश हुई।
2 min read
Aug 26, 2026
rajasthan weather alert rain
Rajasthan Weather Alert (Photo-AI)

Rajasthan Weather Alert: जयपुर: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और मानसून ट्रफ लाइन जम्मू, देहरादून और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके असर से बुधवार को पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हुई।

वहीं उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त से 2 सितंबर तक पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में फिर कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त से 2 सितंबर तक पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 27 और 28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में भी अगले एक सप्ताह तक मानसून की परिस्थितियां कमजोर रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश का जोर कम होने के साथ मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

बुधवार को जयपुर समेत तीन जिलों में बारिश

राजस्थान में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ बुधवार को जयपुर में एक घंटे की तेज बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया, तो वहीं अलवर और चित्तौड़गढ़ के बड़ीसादड़ी (35 मिमी) में भी बारिश दर्ज की गई। कोटा के इटावा में नोनेरा-ऐबरा बांध के 3 गेट 5 मीटर तक खोलकर 32 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध का जलस्तर 314.09 आरएल मीटर पहुंच गया है, जिसमें 24 घंटे में 4 सेमी पानी की आवक हुई।

इससे पहले पूर्वी राजस्थान (बूंदी, कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, दौसा, टोंक) में मंगलवार को 3 इंच तक बारिश हुई, जिससे जलाशय छलक गए। धौलपुर में एक युवक नदी में बह गया।

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी

श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ और चूरू में उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में तापमान 41°C दर्ज हुआ, जो पिछले दो साल में अगस्त का सबसे गर्म दिन रहा। मानसून सुस्त पड़ने से अगस्त अंत तक प्रदेश के 205 बांध अभी भी खाली पड़े हैं।

कहां कितनी बारिश (मिमी में)

  • तालेड़ा (बूंदी) 73
  • भिनाय (अजमेर)- 70
  • जगर बांध (करौली)- 65
  • जयपुर- 21.6
  • चित्तौड़गढ़- 35
  • कोटा- 17.9
  • अजमेर- 22.6
  • अलवर- 13
  • बूंदी- 17.9
  • नीमकाथाना- 34
Updated on:
26 Aug 2026 09:55 pm
Published on:
26 Aug 2026 09:55 pm