जयपुर

गर्मी के तेवर हुए और तीखे, छह जिलों में लू चलने के आसार

प्रदेश में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण लोग बेहाल हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है जिसका विस्तार सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 May 2021, 1:44 PM IST
Heat Wave in Barmer
Heat Wave in Barmer

जयपुर। प्रदेश में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण लोग बेहाल हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है जिसका विस्तार सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक है।

इस तंत्र के प्रभाव से आगामी 48 घंटों के दौरान चूरू, हनुमानगढ़ व गंगानगर जिलों के साथ-साथ बीकानेर, सीकर, झुंझुनू, नागौर, जोधपुर व जैसलमर जिलों में भी लू चलने के आसार है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 31 मई से राज्य के पर सक्रिय होने से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

जल्दी आ सकता है मानसून
मौसम विभाग ने इस बार राजस्थान में समय से पहले मानसून आने के संकेत दिए हैं। जयपुर मौसम विभाग केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया है कि आगामी दो जून तक प्रदेश के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, बीकानेर और कोटा संभाग के कई जिलों में बादल छाने, तेज आंधी चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं, इस बार प्रदेश में मानसून भी 20 जून के आसपास आने की संभावना जताई जा रही है। यानी, इस बार हर साल की तुलना में अरब सागर में तंत्र के सक्रिय होने से चार से पांच दिन पहले यहां मानसून पहुंचने के आसार रहेंगे।

प्रमुख जगहों का तापमान
प्रदेश में बीते शनिवार को दिन का सबसे अधिक पारा गंगानगर का 46.3 व चूरू का 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर का पारा 42.2, पिलानि 44.7, पाली 44.3, कोटा 42.5, सवाई माधोपुर 43.5, बाड़मेर 43.1 एवं करौली का 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं सीकर में 11.0 एमएम, कोटा में 6.6 ,पिलानी में 2.1 एमएम बारिश दर्ज की गई।

Published on: