जयपुर

अलवर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ गिरे ओले, अगले तीन दिन आंधी-बरसात की संभावना

Rajasthan Weather Update : अलवर, खैरथल-तिजारा, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ भागों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं झुंझुनूं में शाम को तेज धूलभरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट आई।
2 min read
May 28, 2026
hanumangarh rain
हनुमानगढ़ में बारिश के साथ गिरे ओले। फोटो पत्रिका

Rajasthan Weather Update : जयपुर। भीषण गर्मी से परेशान प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तेज अंधड़ के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले गुरुवार को अलवर, खैरथल-तिजारा, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ भागों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं झुंझुनूं में शाम को तेज धूलभरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट आई। हालांकि, इससे पहले अधिकांश शहरों में हीटवेव जारी रही।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी तीन दिन मौसम में भारी बदलाव रहेगा। 29 से 31 मई तक प्रदेश के अधिकांश भागों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। गुरुवार को अलवर के मुबारिकपुर-पाटा रूपबास, खैरथल-तिजारा के हरसौली, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी और भादरा, श्रीगंगानगर के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया।

मौसम केंद्र ने शुक्रवार को 13 शहरों अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर और बीकानेर में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

तेज अंधड़ की चेतावनी

मौसम केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में तेज अंधड़ चलने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हवा की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे सावधान रहने की जरूरत है। मौसम संबंधी ये गतिविधियां जून के प्रथम सप्ताह तक जारी रहेंगी। नौतपा का जोर कम रहेगा।

अंधड़ के बाद आई बारिश ने दी गर्मी व लू से राहत

पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार दोपहर बाद श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में मौसम में बदलाव आया। दोनों जिलों में दोपहर बाद पहले अंधड़ और उसके बाद हुई बारिश ने आमजन को भीषण गर्मी व लू के प्रकोप से राहत दी। इस बीच श्रीगंगानगर जिले में लालगढ़ जाटान व मन्नीवाली और हनुमानगढ़ जिले में फेफाना व टिब्बी से ओलावृष्टि के भी समाचार मिले हैं। लेकिन इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

बारिश के बाद एक बार उमस के हालात बने लेकिन बाद में हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। उल्लेखनीय है कि महज एक दिन पहले बुधवार को श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देशभर में सबसे गर्म शहर रहा था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Updated on:
28 May 2026 09:06 pm
Published on:
28 May 2026 09:06 pm