
Monsoon 2024 : प्रदेश में मानसून की सक्रियता के 5 दिन पूरे हो गए और बारिश का दौर भी कुछ धीमे हो गया है। मानसून ट्रफ लाइन के दक्षिणी राजस्थान से गुजरने के कारण पिछले चौबीस घंटे में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आई। लेकिन अब आइएमडी ने अगले तीन घंटे के भीतर राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जारी की है।
आइएमडी ने राजस्थान के कई जिलों में आगामी तीन घंटे के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के बाड़मेर, जालौर, सिरोही, डूंगरपुर व बांसवाड़ा जिलों में तीन घंटे के भीतर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं भी चलेंगी।
वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। आइएमडी के मुताबिक, आगामी तीन घंटे के भीतर राजस्थान के उदयपुर, राजसमंद, जयपुर, दौसा, अजमेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज तूफानी हवाओं का दौर जारी रहेगा।
आइएमडी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, पेड़ों के नीचे शरण न लें। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें तथा मौसम सामान्य होने तक प्रतीक्षा करें।