जयपुर

राजस्थान में मौसम के दो रूप, कहीं ओलों के साथ बारिश तो कहीं तेज धूप, जानें आज कहां बरसेंगे बादल

Rajasthan weather today : जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को दो तरह का मौसम देखने को मिला। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते प्रदेश के 5 संभागों में आज भी बारिश की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 30 Mar 2024, 7:09 AM IST
rajasthan_weather_update-1.jpg

Rajasthan weather today : जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को दो तरह का मौसम देखने को मिला। दोपहर तक सूरज ने जमकर तपाया पर शाम होते-होते एक दो स्थानों पर ओलों के साथ बारिश हुई तो कई जगह ठंडी हवा चलने लगी। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते प्रदेश के 5 संभागों में आज भी बारिश की संभावना है।


राजस्थान में शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 41.5 डिग्री रहा, जो औसत से 3-4 डिग्री से ऊपर है। प्रदेश में शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होगा। जयपुर में दिनभर गर्मी रही, लेकिन शाम को ठंडी हवा का दौर शुरू हो गया।

इधर भिवाड़ी शहर में तेज बारिश के साथ करीब 20 मिनट तक ओले गिरे। वहीं, कोटकासिम में शाम के समय अचानक तूफानी हवा से मौसम का मिजाज बदल गया। जिसके चलते क्षेत्र के कई इलाकों में बूंदा-बांदी भी हुई। वहीं, हरियाणा सीमा के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने से खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। धौलपुर के मनियां में ओले गिरने से फसल को नुकसान पहुंचा है।

कोटा शहर में रात 8 बजे मौसम ने फिर पलटा खाया। तेज गर्जना के साथ बादल बरसे। रेलवे स्टेशन, नयापुरा, बोरखेड़ा क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी बह निकला। वहीं, एरोड्रम, राजीव गांधी क्षेत्र समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। बारिश के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में दो दिन आंधी-बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। दो से तीन दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट रहने के आसार है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसान जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग में आज मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

कोटा - 41.5
पाली - 40.8
बाडमेर - 39.0
अजमेर - 37.3
जोधपुर - 38.2
जयपुर - 37.9
सीकर - 38.0
जैसलमेर - 37.4
श्रीगंगानगर - 35.0
बारां - 40.0

Published on: