जयपुर

Weather Update : राजस्थान के इन जिलों में जमकर बरसे बादल, तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather Update : राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। गुरुवार शाम पांच बजे तक बीते 24 घंटों में जयपुर में सबसे अधिक पांच इंच से अधिक पानी बरसा।
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2024, 9:22 PM IST
Feature image

Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। गुरुवार शाम पांच बजे तक बीते 24 घंटों में जयपुर में सबसे अधिक पांच इंच से अधिक पानी बरसा। जयपुर कलक्ट्रेट में दर्ज हुई बारिश के अनुसार बुधवार शाम पांच बजे से सुबह गुरुवार सुबह आठ बजे तक 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वही, गुरुवार शाम पांच बजे तक कलक्ट्रेट पर 13 मिलीमीटर बारिश हुई।

जबकि सिंचाई विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर में 36 मिलीमीटर बारिश हुई। इस हिसाब से जयपुर में शाम पांच बजे तक बीते 24 घंटे तक 134 मिलीमीटर बारिश (5.36 इंच) हुई। इधर, मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को 7.7 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी प्रकार बीते 24 घंटे में अलवर में 103 और सीकर में 102 मिलीमीटर बारिश हुई।

करौली में 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इधर, पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम वर्षा और जयपुर, अलवर, धोलपुर और डुंगरपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।

राजस्थान मानसून अपडेट (Rajasthan Monsoon Update)

मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर-चूरू से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में आगामी तीन दिन मानसून सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा संभाग के अनेक स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 48 घंटों के दौरान मेघगर्जन के साथ बारिश दर्ज होने की संभावना है। जोधपुर संभाग के पूर्वी भागों में भी कहीं-कहीं हल्के से मध्यम बारिश व सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

Updated on:
4 Jul 2024, 9:22 PM IST
Published on: