
जयपुर। ये पहला मौका नहीं है जब तेज रफ्तार बाइक में किसी बाइकर की जान गई हो। इससे पहले भी राजधानी जयपुर की पहली महिला बाइकर वीनू पालीवाल ने बाइक एक्सीडेंट में अपनी जान गवाई थी। वीनू पालीवाल जयपुर से अकेली महिला हार्ले बाइकर थीं। उन्हें हार्ले बाइकर्स में अनुभवी राइडर माना जाता था। वीनू को ‘लेडी ऑफ द हार्ले‘ के खिताब से भी नवाजा गया था।
बाइकिंग के लिए खुद को कर लिया शादी से अलग
वीनू पालीवाल जयपुर में पली बड़ी और सोफिया कॉलेज, अजमेर से पढ़ाई पूरी की। 44 वर्षीय वीनू दो बच्चों की मां थी और जयपुर में एक चाय कैफ़े चलाती थीं। वीनू को बाइक राइडिंग का शौक इस कदर था कि शादी के बाद उनका विरोध होने पर उन्होंने खुद को शादी से अलग कर लिया।
कहलाती थी ‘लेडी ऑफ द हार्ले‘
वीनू को साल 2016 में ‘लेडी ऑफ द हार्ले‘ चुना गया था। उन्हें लेडी ऑफ हार्ले तथा एचओजी रानी (हॉग रानी) के नाम से भी जाना जाता था। वीनू अपने बाइक के सफर पर एक फिल्म भी बनाना चाहती थीं, लेकिन हादसे ने उनकी जि़ंदगी के सफर का ही अंत कर दिया। वीनू के साथियों का कहना है कि वह बाइक भले ही तेज़ चलाती थीं, लेकिन सुरक्षा का पूरा ध्यान रखती थीं।
ऐसे हुई थी मौत?
वीनू पालीवाल हार्ले डेविडसन बाइक से भारत भ्रमण पर निकली थी। जिसके बाद 11 अप्रैल, 2016 शाम को ग्यारसपुर से 11 किमी पहले हाईवे के एक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई थी। वीनू के दोस्तों का कहना है कि वह बाइक चलाने के दौरान पूरी तरह कव्र्ड हो गई थी।
बचपन से था बाइकिंग का शौक
वीनू को बाइक चलाने की प्रेरणा अपने पिता से मिली थी। उनको बचपन से ही बाइकिंग का शौक था। जिसके बारे में उन्होंने एक इंटरव्यू में भी बताया था। वीनू ने कॉलेज लाइफ में अपने दोस्त से बाइक चलाना सीखा था, हालांकि वीनू के पास इतना पैसा नहीं था कि वो बाइक खरीद सके।
बनाना चाहती थी फिल्म
वीनू भारत दौरे पर आधारित बाइक राइडिंग की एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाने वाली थी। इस डॉक्यूमेंट्री राइडिंग के दौरान आने वाली मुश्किलों को दिखाना उनका मकसद था। वीनू 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हार्ले बाइक दौड़ाने के लिए जानी जाती थी। वीनू हार्ले डेविडसन पर एक फिल्म भी बनाना चाहती थी जिसका नाम उन्होंने 'ये है इंडिया' सोचा था। वीनू अपनी इस बाइक राइडिंग के दौरान कश्मीर से कन्या कुमारी की यात्रा पर थी। लेकिन मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में देश की इस टॉप बाइकर वीनू पालीवाल की एक सडक़ हादसे में मौत हो गई। वीनू अपनी साथी बाइकर दीपेश तंवर के साथ हार्ली डेविडसन पर इंडिया टूर पर निकली थीं। रास्ते में बाइक फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
साथी दीपेश तंवर के साथ निकली थीं वीनू
उसके साथ सफर पर चल रहे उनके साथ दीपेश तंवर, वीनू को विदिशा के अस्पताल में ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनके लिवर में चोटें थी। वैसे हार्ले डेविडसन बाइक चलाने वाले अपने सुरक्षा के लिए हेलमेट और पूरे शरीर पर सुरक्षा के लिए एक कवच की पोषक पहनते हैं।
गौरतलब है कि राजधानी में गुरुवार की रात हुए सडक़ हादसे ने जयपुर के बाइकर रोहित सिंह शेखावत को मौत की नींद सुला दिया। रोहित अपनी 18 लाख की पावर बाइक से ऐसा फिसला कि 30 हजार का हेलमेट भी उसकी जान नहीं बचा पाया बल्कि उसकी मौत का कारण बन गया। डॉक्टरों का कहना है कि सुरक्षा के लिए पहना गया हेलमेट ही उनकी मौत का कारण बन गया। रोहित सिंह शेखावत मालवीय नगर स्थित जगुआर लैंड रोवर के शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। जेएलएन मार्ग पर एसएल कट से डब्ल्यूटीपी के सामने 2 युवकों को बचाने के चक्कर में रोहित की तेज राफ्तार बाइक संभल नहीं पाई और युवको को टक्कर मारते हुए स्लीप हो गई। जिसमें रोहित की जान चली गई और दोनों युवक गंभीर घायल हो गए।