जयपुर

अमरनाथ यात्रा: तेज बरसात के बाद लैंडस्लाइड, राजस्थान की महिला श्रद्धालु की मौत, तीन घायल, सैंकड़ों यात्री फंसे

बारिश जारी: भूस्खलन से सैकड़ों अमरनाथ यात्री फंसे, जोधपुर की महिला श्रद्धालु की मौत, सेना से 500 श्रद्धालुओं को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया
less than 1 minute read
amarnath yatra 2025

जयपुर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड के बाद गुरुवार को अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग पर रायलपथरी के निकट हुए लैंडस्लाइड में जोधपुर की महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए। इससे बालटाल और पहलगाम के आधार शिविरों से यात्रा रोक दी। भूस्खलन के बाद यात्रा मार्ग पर सैकड़ों लोग फंस गए हैं। रायलपथरी और ब्रारमर्ग के बीच भूस्खलन में फंसे 500 से अधिक तीर्थयात्रियों को सेना ने निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

आठ जुलाई को जत्थे के साथ गई थी

परिजन के अनुसार, जोधपुर के चांदपोल के बाहर बड़ी भील बस्ती निवासी सोना देवी आठ जुलाई को बस से श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ अमरनाथ महादेव के दर्शन के लिए निकली थीं। उनके साथ नौ अन्य महिलाएं भी थीं। दर्शन के बाद लौटते समय बालटाल मार्ग पर भारी बारिश के चलते अचानक भूस्खलन हो गया। इस हादसे में सोना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें बालटाल आधार शिविर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अब तक 2.47 लाख ने किए दर्शन

अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा पर निर्णय लिया जाएगा। बताया जाता है कि अब तक 2.47 लाख तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।

Updated on:
17 Jul 2025 08:58 pm
Published on:
17 Jul 2025 08:09 pm