जयपुर

Ram Navami Special : देश में सबसे लोकप्रिय नाम है ‘राम’, प्रदेश में दूसरे नम्बर पर है राजस्थान, तीसरे का नाम जानकर चौंक जाएंगे

Ram Navami Special : दुनियाभर में ‘राम’ नाम की लोकप्रियता अदभुत है। देश में सबसे लोकप्रिय नाम ‘राम’ है। करीब 56 लाख 48 हजार लोगों का नाम ‘राम’ है। यानी देश में हर 245वें व्यक्ति का नाम ‘राम’ है। जाने और जानकारियां, हैरान करेंगी।
2 min read
Ram Most Popular Name in Country Rajasthan is Second You Shocked to know Third State Name

अरुण कुमार
Ram Navami Special : दुनियाभर में ‘राम’ नाम की लोकप्रियता अदभुत है। भारत समेत तमाम देशों के लाखों लोगों का नाम भगवान राम के नाम पर है या फिर उनके नाम में कहीं न कहीं राम जुड़ा है। आखिर ऐसा क्यों है? देश-दुनिया के कई अध्ययन बताते हैं कि राम का नाम परिपूर्ण है। ‘राम’ का नाम रक्षा कवच है। लोग अपने बच्चों के नाम में राम इसलिए भी जोड़ते हैं।

देश में सबसे लोकप्रिय नाम ‘राम’

चर्चित डेटा एजेंसी फॉरबियर्स डॉट इन ने राम के नाम पर कई अध्ययन किए हैं। उसके अनुसार, देश में सबसे लोकप्रिय नाम ‘राम’ है। करीब 56 लाख 48 हजार लोगों का नाम ‘राम’ है। यानी देश में हर 245वें व्यक्ति का नाम ‘राम’ है। इस तरह करीब 7 करोड़ महिला-पुरुष ऐसे हैं जिनके नाम में कहीं न कहीं राम जुड़ा है। इस तरह पूरी दुनिया में 65,00,000 से ज्यादा लोगों का नाम राम है। प. बंगाल के बांकुरा के पश्चिम सनबंध गांव में 500 वर्षों से हर पुरुष के नाम में ‘राम’ जरूर जोड़ा जाता है।

14 हजार गांवों के नाम में ’राम’

जनगणना के लिए तैयार की गई सेंसस विलेज लिस्ट के अनुसार देश में सिर्फ ’रामपुर’ नाम के सर्वाधिक 853 गांव हैं जो सबसे ज्यादा बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश में हैं। सिर्फ लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, केरल और तमिलनाडु में इस नाम से कोई गांव नहीं है। वहीं, देश के करीब 6 लाख 70 हजार गांवों में करीब 14 हजार गांव ऐसे हैं जिनके नाम में कहीं न कहीं ’राम’ जुड़ा है।

पूरी दुनिया में ‘राम’ का नाम

दुनियाभर में 58वां सबसे चर्चित नाम राम है। यह नाम भारत, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार, इजरायल, यूएस, यूके, और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों में भी लोकप्रिय है। भारत और नेपाल में यह सबसे लोकप्रिय और बच्चों के लिए माता-पिता द्वारा प्राय: चुना जाने वाला नाम है।

राम तीन राज्यों में चर्चित नाम

देश में कुल राम नाम के लोग सर्वाधिक 22 लाख 41 हजार (31 फीसदी) लोग बिहार में हैं। वहीं, राजस्थान में ‘राम’ उपनाम रखने वाले 12 लाख 63 से ज्यादा लोग हैं। जबकि उत्तर प्रदेश में ’राम’ उपनाम रखने वाले कुल लोगों में से लगभग 10 फीसदी यानी 7 लाख 23 हजार लोग हैं। बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में रामनामी समुदाय ‘राम’ नाम शरीर पर गुदवाकर अपनी भक्ति दर्शाता है।

राम नाम के कितने लोग कहां

देश - संख्या

भारत - 56,48,344
नेपाल - 7,70,746
अमरीका - 10,006
बांग्लादेश - 8,065
पाकिस्तान - 7,455
कंबोडिया - 7,136
म्यांमार - 6,825
श्रीलंका - 3,935
इजरायल - 2,791
इंग्लैंड - 2,754
स्रोत: फॉरबियर्स डॉट इन

Updated on:
06 Apr 2025 11:47 am
Published on:
06 Apr 2025 11:47 am