
जयपुर
दो साल में आरएएस परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में करीब एक लाख की बढ़ोतरी हुई है। 2016 के बाद अब 5 अगस्त 2018 को करीब दो बाद हो रही परीक्षा में करीब 92 हजार अभ्यर्थी ज्यादा परीक्षा देंगें। हालांकि 2016 में आरपीएससी की ओर से आरएएस भर्ती परीक्षा 725 पदों के लिए हुई थी और इस बार यह परीक्षा 1017 पदों के लिए होने जा रही है। 2016 में आरएएस परीक्षा कुल 725 पद के लिए हुई थी और इसमें 4.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकरत थे। 28 अगस्त 2016 को हुई आरएएस प्री परीक्षा के लिए 1224 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अब 2018 में आरएएस प्री परीक्षा 5 अगस्त को होगी। पिछली परीक्षा से इस बार परीक्षा के लिए 230 अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इस बार परीक्षा में कुल 1017 पद के लिए होगी। इस परीक्षा के लिए 5.01 लाख अभ्यर्थी पंजीकरत है जो 1454 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देंगे। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आरएएस प्री परीक्षा के आयोजन को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी है। आयोग ने आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सचिव पीसी बेरवाल के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे। आरएएस के कुल 1017 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में कुल 5 लाख 1 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इस हिसाब से आरएएस के प्रत्येक सीट के लिए 492 अभ्यर्थी दौड़ में हैं। इसी प्रकार आयोग द्वारा निर्धारित किए गए परीक्षा केंद्रों में इस परीक्षा में औसतन प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 345 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल पदों में 980 पद नॉन टीएसपी क्षेत्र के और 37 पद टीएसपी क्षेत्र के हैं।
इन परीक्षाओं की तिथियां भी तय
आरपीएससी की ओर से आयोजित होने वाली प्रधानाध्यापक और एसआई परीक्षा भी अब समय पर होंगी। आरएएस प्री 2018 आयोजन के बाद अब आरपीएससी प्रधानाध्यापक प्रतियोगी परीक्षा 2018 और एसआई भर्ती परीक्षा 2016 भी पहले से तय तिथि पर ही आयोजित करवाने के प्रयास कर रहा है। आरपीएससी के कार्यक्रम के अनुसार प्रधानाध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए 2 सितंबर और एसआई भर्ती के लिए 7 अक्टूबर की तिथि तय की है।