जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव; तीन सह प्रभारियों की छुट्टी, चार नए चेहरे लगाए

राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने राजस्थान के तीनों प्रदेश सह प्रभारियों चिरंजीव राव, ऋतिक मकवाना और पूनम पासवान को जिम्मेदारी से हटा दिया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 8:24 AM IST
Rajasthan Congress
Rajasthan Congress, File Photo Patrika

जयपुर। राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने राजस्थान के तीनों प्रदेश सह प्रभारियों चिरंजीव राव, ऋतिक मकवाना और पूनम पासवान को जिम्मेदारी से हटा दिया है।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अब चार नए राष्ट्रीय सचिवों विश्व विजय सिंह, पलक वर्मा, मनोज बागड़ी और पोरलक खारते को राजस्थान का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि हटाए गए तीन सह प्रभारियों में से पूनम पासवान और ऋतिक मकवाना ने शुक्रवार को राजस्थान दौरे के कार्यक्रम भी तय कर रखे थे।

नए सचिवों और सह प्रभारियों की नियुक्ति के आदेश गुरुवार रात राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने जारी किए। इसके साथ ही राजस्थान के कोटे से छह नेताओं को एआईसीसी में राष्ट्रीय सचिव बनाकर अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

धीरज, दानिश, जगदीश और रेहाना को दोबारा मौका

एआइसीसी में राजस्थान के छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इनमें हेम सिंह शेखावत और विधायक डूंगरराम गेदर नए चेहरे हैं, जबकि धीरज गुर्जर, दानिश अबरार, जगदीश जांगिड़ और रेहाना रियाज को दोबारा मौका दिया गया है। हेम सिंह शेखावत वर्तमान में राजस्थान कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। वहीं, राजस्थान कोटे से पहले राष्ट्रीय सचिव रहे दिव्या मदेरणा, सांसद संजना जाटव और विजय जांगिड़ को इस बार जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

प्रदेश के नेताओं को मिली अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी

राष्ट्रीय सचिव - राज्य/प्रभार
हेम सिंह शेखावत - गुजरात
धीरज गुर्जर - जम्मू-कश्मीर, लद्दाख
दानिश अबरार - दिल्ली
जगदीश जांगिड़ - उत्तर प्रदेश
रेहाना रियाज - महाराष्ट्र
डूंगरराम गेदर - मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम

Updated on:
20 Nov 2026, 8:24 AM IST
Published on: