
प्रतापगढ़।
प्रदेश में बढ़ते हुए सड़क हादसों के प्रतापगढ़ जिले में बड़ा सड़क हादसा होने से बच गया। दो अलग-अलग जगहों पर यात्रियों से भरी बस का बड़ा सड़क हादसा टल गया। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बसों के खाई में उतरने की सूचना मिली है। बांसवाड़ा से कोटा जा रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस असंतुलित होकर रोड से नीचे उतर गई। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन हादसे में कुछ यात्रियों के मामूली चोट आई है। वहीं दूसरी जगह एक निजी बस के पारसोला-मूंगाणा सड़क पर खाई में उतरने से लोगों में दहशत का माहौल हो गया। बस की स्पीड कम होने से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
यूं हुआ पूरा मामला...
प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर रोडवेज और निजी बस सडक़ से उतर गई। दोनों स्थानों पर किसी भी यात्री को ज्यादा चोंटें नहीं आई। प्रतापगढ़ डिपो की बस मंगलवार को बांसवाड़ा से कोटा जा रही थी। इस दौरान मंदसौर-प्रतापगढ़ मार्ग पर राजपुरिया के निकट बस असंतुलित होकर पटरी से नीचे उतर गई। इस दौरान यात्रियों को मामूली चोंटे आई। बस को बाद में सीधी की और रवाना हुई।
वहीं दूसरी ओर पारसोला थाना क्षेत्र के अन्तर्गत पारसोला-मूंगाणा मुख्य सडक़ पर घटेला गांव में सुबह एक बस खाई में उतर गई। बस के खाई में गिरने की आवाज से आसपास के लोग दौड़े। यह बस अहमदाबाद से धरियावद जा रही थी। चालक को झपकी आने से बस सडक़ से नीचे खाई मे गिरकर बांस व सागवान के वृक्ष से टकराकर रुक गई।
सूचना पर मूंगाणा सरपंच हरीशचन्द्र मीणा व पारसोला थानाधिकारी केशुलाल खटीक मय जाप्ता के घटनास्थल पहुंचे। बस में से सवारियों को बाहर निकाल कर प्राथमिक उपचार करवाया गया। प्रशासन ने बस को क्रेन की सहायता से बाहर निकलवाया।