जयपुर

राजस्थान सरकार की पहली वर्षगांठ पर दौड़े सीएम भजनलाल, युवाओं के लिए कर दिए कई बड़े एलान

Bhajanlal Government first Anniversary: भजनलाल सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आज प्रदेशभर में रन फॉर विकसित राजस्थान रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीएम भजनलाल ने राजस्थान के युवाओं के लिए कई बड़े एलान किए।
2 min read
• •
Updated: 12 Dec 2024, 1:22 PM IST
Feature image

Run for Viksit Rajasthan: जयपुर। भजनलाल सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आज प्रदेशभर में रन फॉर विकसित राजस्थान रैली का आयोजन किया गया। जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनपथ स्थित अमर जवान ज्योति पर हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शर्मा ने भी खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और युवाओं के साथ दौड़ लगाई। साथ ही सीएम भजनलाल शर्मा ने ऐलान किया कि राजस्थान में जल्द ही नई युवा और खेल नीति लाई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह दौड़ आज हर​ जिले में हो रही है। ये दौड़ हमारी एकजुटता दिखाती है। हम चाहते है कि राजस्थान के युवाओं को दिशा मिले, अगर युवा आगे बढ़ेंगे तो राजस्थान विकसित होगा। खेलकूद के क्षेत्र में राजस्थान का गौरवमय इतिहास रहा है। अनेक खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते है। हर साल 12 दिसंबर को रन फॉर विकसित राजस्थान का आयोजन होगा।

सरकार जल्द लाएगी नई युवा व खेल नीति

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के युवा और खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। राजस्थान में जल्द ही नई युवा और खेल नीति लाई जाएगी। साथ ही प्रदेश में महाराणा प्रताप विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा। जहां कोच तैयार किए जांएगे, जो जिला स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे।

दुनिया के बेहतरीन कोच देंगे हमारे खिलाड़ियों को ट्रेनिंग

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राजस्थान के टॉप 50 खिलाड़ियों को ओलंपिक के लिए तैयार करेगी। इसके लिए दुनिया के बेहतरीन कोच हमारे खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे। ट्रेनिंग लेने वाले युवा ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर राजस्थान और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि जयपुर में एक्सीलेंस फॉर स्पोर्ट्स सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा में निखार का और मौका मिल सके।

राइजिंग राजस्थान में खेल विभाग ने किए 15 हजार करोड़ के एमओयू

सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान में युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में खेल विभाग ने 15 हजार करोड़ रुपए के एमओयू किए हैं। इससे आने वाले समय में प्रदेश के युवा व खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेगी। राजस्थान खेलो इंडिया राष्ट्रीय यूथ गेम्स 2026 के मेजबानी की भी तैयारी कर रहा हैं। ऐसे न सिर्फ खिलाड़ियों और खेल का विकास होगा। बल्कि, प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप होगा।

Updated on:
12 Dec 2024, 1:22 PM IST
Published on: