
जयपुर। राजधानी जयपुर में जगतपुरा स्थित महल रोड पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में हुए हादसे पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सवाल उठाए है। हनुमान बेनीवाल ने इस घटना को इंटेलिजेंस का बहुत बड़ा फैलियर करार दिया है। साथ ही उन्होंने आईजी पर भी कार्रवाई करने की मांग कर डाली है।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक्स पर लिखा कि जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में हुई वाहन दुर्घटना से पुलिस सहायक उप-निरीक्षक सुरेंद्र का निधन हो जाना व कुछ पुलिस कार्मिकों के घायल होने की घटना अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायल नागरिकों को शीघ्रातिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
उन्होंने आगे लिखा कि मुख्यमंत्री के काफिले में गलत दिशा में एक वाहन का इस प्रकार आकर इतनी बड़ी दुर्घटना कर देना गंभीर मामला है। मुख्यमंत्री के किसी भी दौरे में उनकी सुरक्षा से जुड़ी सम्पूर्ण जिम्मेदारी मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात आईजी स्तर के अधिकारी की होती है। वहीं, राज्य के इंटेलिजेंस का जिम्मा होता है ऐसे में यह घटना सीएम सुरक्षा में तैनात आईजी स्तर के अधिकारी के साथ राज्य की इंटेलिजेंस का बहुत बड़ा फैलियर है। सीएम को तत्काल उनकी सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे अधिकारी पर कार्यवाही करनी चाहिए। साथ ही इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
इससे पहले पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी हादसे की उच्च अधिकारी से जांच की मांग की थी। डोटासा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में वाहन दुर्घटना से कई पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर अत्यंत दु:खद है। ईश्वर की कृपा से दुर्घटना में मुख्यमंत्री जी सुरक्षित एवं सकुशल हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। सरकार द्वारा इस हादसे की उच्च अधिकारी से जांच कराई जानी चाहिए।
Updated on:
12 Dec 2024, 11:53 AM IST
Published on:
12 Dec 2024, 11:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.