
जयपुर/हनुमानगढ/श्रीगंगानगर/टोंक। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष Sachin Pilot ने कहा कि भाजपा अमीरों की सरकार है। इसका आमजन, किसान और गरीब से कोई सरोकार नहीं है। सरकार (Rajasthan Election 2018) बनने के बाद जनता से किए गए सारे वादे जुमले साबित हुए हैं। सरकार का रिपोर्ट कार्ड 5 साल में जीरो ही रहा। सिर्फ चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए काम किया गया। अब सीएम Vasundhara Raje जनता के बीच 44 लाख युवाओं को रोजगार देने का ढिंढोरा पीट रही हैं। उनके दावे में कितनी सच्चाई है, यह प्रदेश का युवा अच्छी तरह से जानता है। जनता ने भाजपा के शासन से मुक्ति पाने का मन बना लिया है। प्रदेश में अब तक किसान ही आत्महत्या कर रहे थे, लेकिन अब बेरोजगारी से तंग युवा भी आत्महत्या करने लग गए हैं। भाजपा सरकार के हाथ 150 किसान व युवाओं के खून से सने हुए हैं।
पायलट शुक्रवार को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और टोंक जिले के चुनावी दौरे पर थे। पायलट ने श्रीगंगानगर के रावला मंडी, हनुमानगढ़ के रावतसर और टोंक में चुनावी सभाओं में राज्य की भाजपा सरकार को हर वर्ग के लिए परेशानी का सबब बताते हुए कहा कि इस सरकार ने किसान, व्यापारी, युवा, मजदूर सहित सभी वर्गों की उपेक्षा की है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों को आसमान पर पहुंचा कर जनता को महंगाई तले दबा दिया है। जनता अब इस कुशासन मुक्ति चाहती है।
भाजपा की करनी और कथनी में अंतर
सचिन ने कहा कि 5 दिसंबर को चुनाव प्रचार थमने के बाद भाजपा के नेता सडक़ों पर दिखाई नहीं देंगे। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। चुनावों में अक्सर ऐसे मुद्दे को लाते हैं, जिसको लेकर आज तक कुछ नहीं किया। श्रीगंगानगर जिले के किसानों से पायलट ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद किसानों को सिंचाई पानी, फसल के भाव, खाद बीज तथा अन्य मांगों को लेकर आंदोलन नहीं करना पड़ेगा।
अब सिर झुकाने आ रहे हैं
टोंक जिले के ऊमकाबरा में पायलट ने कहा कि यह चुनाव दो पार्टियों का नहीं, दो विचारधारा एवं रानी और रंक का है। अभी खाद, बीज एवं पानी की किल्लत चल रही है, लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। पौने पांच साल कोई भी जनता के दुख दर्द पूछने नहीं आया। अब सब सिर झुकाने आ रहे हैं। पायलट ने जनता से कहा कि भाजपा के लोग वोट मांगने आएं तो उनसे पूछना कि खाते में 15 लाख भेजने के वादे का क्या हुआ?