
Son Assaults Father: जयपुर में सांगानेर की मारुति कॉलोनी में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलियुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता पर बेरहमी से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर देखने वाले का दिल दहल गया और लोगों में भारी आक्रोश है।
सांगानेर थाना पुलिस के अनुसार यह मामला करीब 15 दिन पुराना है, जिस पर घटना के समय ही एफआइआर दर्ज कर ली गई थी। अब वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर गरमा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस विचलित करने वाले वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक अपने बुजुर्ग पिता पर गुस्से में ताबड़तोड़ घूंसे और थप्पड़ बरसा रहा है। बेटे की इस बर्बरता के कारण बुजुर्ग पिता के मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। लाचारी की इंतिहा तब देखने को मिली जब दर्द से कराहते हुए बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े, लेकिन बेटे का दिल फिर भी नहीं पसीजा और वह उन्हें घसीटते हुए कमरे के अंदर ले गया। आरोपी बेटे ने कमरा बंद करने के बाद भी अपने बुजुर्ग पिता से मारपीट की। हालांकि परिजन बार बार आरोपी से कमरा खोलने की गुहार लगाते रहे।
आसपास के लोगों के अनुसार, एक ही घर में रहने वाले पिता-पुत्र के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो इस हिंसक मोड़ पर पहुंच गई। संबंधित परिवार में घरेलू विवाद को लेकर आए दिन शोर शराबे की आवाजें आने की बात भी आसपास रहने वाले लोगों ने सुनी हैं। जिस पिता ने जीवन भर पाल-पोसकर बड़ा किया, उसके साथ बेटे के इस अमानवीय व्यवहार ने सामाजिक और पारिवारिक संस्कारों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारतीय न्याय व्यवस्था में परिवार के बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर प्रावधान तो किए गए हैं लेकिन अधिकांश मामलों में पारिवारिक मामलों का हवाला देकर घटना को दबा दिया जाता है। या फिर पुलिस थाना स्तर पर संबंधित लोगों को समझाइश कर मामलों का निपटारा कर दिया जाता है। पुलिस ने बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हैल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं लेकिन जागरूकता की कमी के चलते पुलिस थानों में बहुत कम ही शिकायतें दर्ज हो पाती हैं।