सरकार के खिलाफ आवाज उठानी हो या फिर धरना और प्रदर्शन हो, जयपुर में शहीद स्मारक ही इसका गवाह बनता था। शहर के संगठन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्मारक पर पहुंचते थे, लेकिन अब स्मारक पर ताला जड़ा है।
Martyr Memorial jaipur: देश की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों की याद में बना शहीद स्मारक लापरवाही का शिकार हो रहा है। शहीदों की स्मृति में एमआई रोड पर लाखों रुपए की लागत से शहीद स्मारक का निर्माण करवाया गया था। प्रशासनिक अनदेखी व उचित रखरखाव के अभाव में स्मारक जर्जर अवस्था में है। स्मारक परिसर से हरियाली गायब है। यहां लगी घास पूरी तरह से सूख चुकी है। सरकार के खिलाफ आवाज उठानी हो या फिर धरना और प्रदर्शन हो, जयपुर में शहीद स्मारक ही इसका गवाह बनता था। शहर के संगठन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्मारक पर पहुंचते थे, लेकिन अब स्मारक पर ताला जड़ा है।
जगह-जगह से उखड़ गए पत्थर
शहीद स्मारक की अनदेखी का आलम यह है कि यहां लगे पत्थर व टाइल्स उखड़ चुकी हैं। पहले स्मारक परिसर खुला रहता था। अब यहां आए दिन होने वाले धरना-प्रदर्शन से परेशान प्रशासन ने चारों ओर ऊंची-ऊंची जालियां लगा दी है। यही नहीं इसके मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया है। स्मारक में चारों तरफ गंदगी का अंबार है, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती तत्वों ने उनकी प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।