Smart Electricity Meter - आपने बिजली का बिल जमा नहीं कराया तो डिस्कॉम इंतजार नहीं करेगा, बल्कि ऑफिस में बैठे-बैठे ही विद्युत सप्लाई बंद कर देगा।
जयपुर। Smart Electricity Meter - आपने बिजली का बिल जमा नहीं कराया तो डिस्कॉम इंतजार नहीं करेगा, बल्कि ऑफिस में बैठे-बैठे ही विद्युत सप्लाई बंद कर देगा। उपभोक्ता भी बाहर रहकर अपने घर में बिजली की खपत पता कर पाएगा। वहीं, बिजली की किसी यूनिट में खराबी आती है तो स्वत: ही आपके घर का विद्युत लोड कम हो जाएगा। यह सब कुछ अब स्मार्ट मीटर के जरिए होगा।
इसकी तैयारी शुरू हो गई और जल्द ही मौजूदा मीटर की जगह स्मार्ट मीटर ( Smart Electricity Meter Project ) नजर आएंगे। उर्जा विभाग ने जयपुर, अजमेर व जोधपुर तीनों डिस्कॉम से उपभोक्ताओं की जानकारी मांगी है। शुरुआत शहरी क्षेत्रों से होगी और फिलहाल 200 यूनिट प्रति माह से ज्यादा उपभोग करने वाले उपभोक्ता को इसमें शामिल किया जा रहा है।
इसमें करीब 30 लाख उपभोक्ता होंगे। जबकि, ग्रामीण इलाकों में हर फीडर पर 5-5 मीटर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लगाए जाएंगे। केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के सिंह भी स्मार्ट मीटर को लेकर ट्विट कर चुके हैं। पिछली सरकार में जयपुर को लेकर यह कवायद की थी, जो मामला केबिनेट सब कमेटी के पास है।
बिजली उत्पादन यूनिट में तकनीक खामी आने पर विद्युत लोड मैनेजमेंट गड़बड़ा जाता है। ऐसे में डिस्कॉम को जगह-जगह बिजली कटौती करनी पड़ रही है, जिसमें काफी मशीनी संसाधन लगाने पड़ते हैं। स्मार्ट मीटर में इसकी ऑनलाइन व्यवस्था होगी। यानि, ऐसे दिक्कत आने पर घर में बिजली लोड स्वत: कम हो जाएगा। मसलन, जिस समय घर पर 5 किलोवॉट का लोड चल रहा है और उसी दौरान उत्पादन यूनिट में खामी आ जाती है तो आपके मीटर का लोड 70 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। यानि, आप कम हुए लोड के अनुरूप ही बिजली उपभोग कर पाएंगे। ऐसा नहीं करने पर बिजली सप्लाई कट जाएगी।
इस तरह होगा काम
1. उपभोक्ता के लिए
लोड पैटर्न के तहत दिनभर बिजली खपत की जानकारी मोबाइल पर मिलेेगी। यानि, किस समय कितनी बिजली खपत हुई, यह पता चल जाएगा।
घर-दुकान में कोई नहीं है मगर एसी, पंखा आदि चालू रह गए हों तो मोबाइल से पता चल जाएगा। क्योंकि, उस समय बिजली खपत पता चल जाएगी।
लोड कट ऑफ सुविधा होने पर इनवर्टर की जरूरत नहीं क्योंकि उत्पादन कम होगा तो पूरे इलाके में सप्लाई बंद करने की बजाय विद्युत लोड बंट जाएगा।
2. डिस्कॉम के लिए
शुल्क जमा नहीं कराने पर सेंटर से ही सप्लाई बंद की जा सकेगी। मीटर में लगे आइसोलेटर डिस्कनेक्ट हो जाएगा।
रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी। कहीं एक साथ लोड बढ़ा तो पता लगा सकेंगे। चोरी आसानी से पकड़ी जा सकेगी।
घर-दुकान,फैक्ट्री जाकर रीडिंग लेने से निजात, ऑनलाइन रीडिंग व्यवस्था।
स्मार्ट मीटर खरीद और उसे लगाने के लिए पैसा नहीं देना होगा। यह खर्चा डिस्कॉम ही उठाएगा। इसीलिए स्मार्ट मीटर से जुड़ी गणना कर रहे हैं।
यहां इन्तजार
जोधपुर डिस्कॉम में फिलहाल 93 हजार मीटर से शुरुआत होगी, टेंडर जारी।
अजमेर डिस्कॉम में 1.82 लाख मीटर लगाने के आदेश जारी किए है।
जयपुर में अटका हुआ है काम, जबकि सब्स ज्यादा मीटर (4.29 लाख) यहीं लगने हैं। सरकार बदलने के बाद प्रकिया पर सवाल उठे। मंत्री मण्डलीय समूह के स्तर पर विचाराधीन लेकिन निर्णय ही नहीं।
किस श्रेणी के कितने उपभोक्ता
कनेक्शन------उपभोक्ता
घरेलू--------1.06 करोड़
कॉमर्शियल-----10.52 लाख
कृषि---------13.50 लाख
इण्डस्ट्री-------1.64 लाख
मिक्स लोड-----44700
Jaipur Electric Meter Price
850 रुपए खरीद दर है मौजूदा मीटर की
2500 रुपए तक होगा सिंगल फेज स्मार्ट मीटर
4500 रुपए तक थ्री फेज स्मार्ट मीटर